Himachal School Closed Today: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए आज 10 जुलाई 2026 को सोलन और सिरमौर जिलों के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। खराब मौसम और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों—कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर-के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों से राज्य के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है।
कुछ जगहों पर आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की भी घटनाएं सामने आई हैं, जिससे हालात और मुश्किल हो गए हैं।
बारिश का सबसे ज्यादा असर कहां?
सिरमौर जिले के नाहन में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखा गया, यहां सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सोलन, जोट, मलरोन, सराहन, पांवटा साहिब, कल्पा, बिलासपुर, गुलेर, शिमला, धौलाकुआं, रोहड़ू और कुफरी जैसे इलाकों में भी अच्छी-खासी बारिश हुई है। लगातार हो रही बारिश की वजह से कई नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: Ghaziabad School Closed: भारी बारिश की वजह से गाजियाबाद के स्कूल बंद, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के पास जाने से बचें और बहुत जरूरी न हो तो यात्रा न करें। मौसम को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी का फैसला एहतियातन लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी भारी बारिश के कारण स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। गाजियाबाद में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं मेरठ, बागपत और बुलंदशहर में भी स्कूल बंद रहने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इन जिलों से जुड़ी जानकारी के लिए स्थानीय प्रशासन की आधिकारिक सूचना देखना बेहतर रहेगा।
