How to crack ugc net in first attempt: राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC NET) देशभर के उन अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण परीक्षा है जो विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनना चाहते हैं या जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) प्राप्त करना चाहते हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित UGC NET 2026 परीक्षा 22 जून से शुरू होने जा रही है। ऐसे में लाखों उम्मीदवार अंतिम तैयारी में जुटे हुए हैं। यदि आप भी पहली बार परीक्षा देने जा रहे हैं, तो कुछ आसान रणनीतियां आपकी सफलता की राह आसान बना सकती हैं।
पहले प्रयास में कैसे क्रैक करें यूजीसी नेट
बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा यूजीसी नेट जून 2026 एग्जाम का आयोजन 22 से 30 जून 2026 तक देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर करवाया जाएगा। एनटीए द्वारा आवेदनकर्ताओं के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप डाउनलोड के लिए उपलब्ध करवा दी गई है। एनटीए द्वारा यूजीसी नेट एग्जाम का आयोजन 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून 2026 को करवाया जायेगा। एग्जाम प्रतिदिन 2 शिफ्ट में करवाया जायेगा। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी शिफ्ट की परीक्षा अपरान्ह 3 से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी।
अगर आप पहली बार इस एग्जाम को क्रैक करना चाहते हैं तो सबसे पहले परीक्षा पैटर्न और सिलेबस को अच्छी तरह समझें। UGC NET में दो पेपर होते हैं। पेपर-1 सभी अभ्यर्थियों के लिए समान होता है, जबकि पेपर-2 उम्मीदवार के चुने हुए विषय से संबंधित होता है। तैयारी शुरू करने से पहले पूरा सिलेबस डाउनलोड कर लें और महत्वपूर्ण टॉपिक्स की सूची बना लें।
पिछले प्रश्न पत्र करें हल
पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करना सफलता की सबसे प्रभावी रणनीतियों में से एक है। इससे परीक्षा के स्तर, प्रश्नों के प्रकार और महत्वपूर्ण विषयों की बेहतर समझ विकसित होती है। साथ ही समय प्रबंधन की क्षमता भी बढ़ती है।
मॉक टेस्ट दें
परीक्षा से पहले नियमित मॉक टेस्ट देना भी बेहद जरूरी है। मॉक टेस्ट से अपनी कमजोरियों की पहचान की जा सकती है और परीक्षा के दौरान समय के बेहतर उपयोग की आदत विकसित होती है। कोशिश करें कि रोजाना कम से कम एक निर्धारित समय पर अभ्यास करें।
सेक्शन स्कोर को समझें
पेपर-1 को हल्के में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए। कई उम्मीदवार विषय विशेष की तैयारी में इतना समय लगा देते हैं कि टीचिंग एप्टीट्यूड, रिसर्च एप्टीट्यूड, लॉजिकल रीजनिंग, डेटा इंटरप्रिटेशन और करंट अफेयर्स जैसे महत्वपूर्ण भागों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। यह सेक्शन अच्छे स्कोर में बड़ी भूमिका निभाता है।
घबराएं नहीं
UGC NET में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। सही रणनीति, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने वाले उम्मीदवार पहले प्रयास में भी परीक्षा पास कर सकते हैं। इसलिए घबराने के बजाय अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और परीक्षा के दिन सकारात्मक सोच के साथ केंद्र पर पहुंचें।
रिवीजन पर दें ध्यान
तैयारी के अंतिम दिनों में नए टॉपिक शुरू करने के बजाय रिवीजन पर ज्यादा ध्यान दें। छोटे-छोटे नोट्स बनाकर पढ़ाई करने से महत्वपूर्ण तथ्यों को याद रखना आसान हो जाता है। साथ ही पर्याप्त नींद और संतुलित दिनचर्या भी बनाए रखें।
