Delhi University Anti-Ragging Week 2024: दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ और साउथ कैंपस में ज्वाइंट कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। डीयू कैंपस और कॉलेजों में एंटी रैगिंग पोस्टर लगाए जाएंगे। शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले डीयू में अनुशासन बनाने और रैगिंग रोकने (Anti-Ragging in DU) के लिए प्रोक्टोरल बोर्ड की बैठक हुई। इसमें डीयू के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस बैठक में तय किया गया कि रैगिंग रोकने के लिए यूनिवर्सिटी के हर कैंपस में एंटी रैगिंग वीक मनाया जाएगा।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में रैगिंग के खिलाफ नियम
यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (UGC) के निर्देश पर एंटी रैगिंग वीक मनाया जाएगा। इसके तहत 12 अगस्त 2024 को एंटी रैगिंग डे मनाया जाएगा। वहीं, 12 अगस्त से 18 अगस्त 2024 तक एंटी रैगिंग वीक मनाए जाने का फैसला लिया गया है।
DU Anti-Ragging गर्ल्स हॉस्टल पर सुरक्षा
दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस में एंटी रैगिंग वीक के दौरान सख्ती बरती जाएगी। इस दौरान गर्ल्स कॉलेज के बाहर पुलिस पिकेट्स रहेंगी और बिना वर्दी के महिला पुलिस टीम कॉलेजों और डीयू कैंपस के गेट पर और अंदर मौजूद रहेगी। इसके लिए कुछ सख्त नियम बनाए गए हैं। नीचे दिल्ली यूनिवर्सिटी की एंटी रैगिंग गाइडलाइंस देख सकते हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी एंटी-रैगिंग
DU में रैगिंग होने की स्थिति में क्या करें
- रैगिंग पिड़ित होने की स्थिति में सबसे पहले लिखित शिकायत तैयार करके शिकायत पेटी में डालें।
- अगर आपके साथ रैगिंग होता है तो निकटतम पीसीआर वैन से संपर्क करें।
- रैगिंग के खिलाफ ऑनलाइन भी शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए एंटी रैगिंग या हिम्मत ऐप का प्रयोग करें।
- रैगिंग करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए protor@du.ac.in और helpline@antiragging.in पर मेल करें।
क्या-क्या है सजा?
रैगिंग में लिप्त पाए जाने पर आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे। इसमें रैगिंग करने वाले की डिग्री रद्द हो जाएगी। सस्पेंड कर दिए जाएंगे। कॉलेज से निकाल दिया जाएगा। एग्जाम रिजल्ट रोक दिया जाएगा। रैगिंग करने वालों का एडमिशन रद्द हो जाएगा। साथ ही क्लास लेने और परीक्षा देने से भी रोक दिया जाएगा।
