एजुकेशन

CUET UG 2026: सर्वर ठप, 2 घंटे देरी, कई सेंटरों पर हंगामा; NTA ने दोबारा परीक्षा का दिया मौका

CUET UG 2026 की परीक्षा में आज उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब देश के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी की वजह से सुबह की शिफ्ट समय पर शुरू ही नहीं हो सकी। अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी

Image

CUET UG 2026: सर्वर ठप, 2 घंटे देरी, कई सेंटरों पर हंगामा (Image - chatgpt)

CUET UG 2026 की परीक्षा में आज उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब देश के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी की वजह से सुबह की शिफ्ट समय पर शुरू ही नहीं हो सकी। हजारों छात्र घंटों तक कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठे रहे, लेकिन सर्वर और सिस्टम में आई समस्या के कारण परीक्षा शुरू नहीं हो पाई। कई जगह अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने नाराजगी जताई, जबकि सोशल मीडिया पर भी छात्रों का गुस्सा देखने को मिला।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने स्वीकार किया कि 30 मई को CUET UG 2026 की पहली शिफ्ट के दौरान तकनीकी समस्या आई थी। एजेंसी के मुताबिक परीक्षा संचालन से जुड़ी कंपनी TCS की तरफ से तकनीकी गड़बड़ी की सूचना दी गई थी, जिसके कारण कई केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने में करीब दो घंटे तक की देरी हुई। बाद में समस्या को ठीक कर परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई और प्रभावित छात्रों को पूरा अतिरिक्त समय देने की बात कही गई। हालांकि कई छात्रों का दावा है कि कुछ केंद्रों पर हालात ज्यादा खराब रहे। नोएडा के कुछ परीक्षा केंद्रों से ऐसी शिकायतें सामने आईं कि उम्मीदवारों को घंटों इंतजार कराने के बाद वापस घर भेज दिया गया।

अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर अलग अलग व्यवस्था

सोशल मीडिया और छात्र मंचों पर कई अभ्यर्थियों ने लिखा कि उन्हें बताया गया कि परीक्षा रद्द कर दी गई है और नई तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी। कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि अलग-अलग केंद्रों पर अलग-अलग तरह की व्यवस्था देखने को मिली, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।

बढ़ते विवाद के बीच NTA ने राहत देते हुए कहा है कि जिन उम्मीदवारों ने बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया था, परीक्षा केंद्र पर मौजूद थे, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी की वजह से अपना पेपर पूरा नहीं कर सके, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। एजेंसी ने कहा है कि इसकी विस्तृत जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

दूसरी शिफ्ट की परीक्षा में आई गड़बड़ी

तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिन की दूसरी शिफ्ट का समय भी बदलना पड़ा। दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली परीक्षा को एक घंटे आगे बढ़ाकर शाम 4 बजे कराया गया, ताकि सुबह की समस्या का असर बाकी उम्मीदवारों पर कम से कम पड़े। NTA ने यह भी कहा कि किसी भी छात्र को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और सभी को परीक्षा का पूरा समय मिलेगा।

इस पूरे मामले पर TCS के CEO और MD के. कृतिवासन ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि सुबह की शिफ्ट में एक तकनीकी समस्या के कारण करीब दो घंटे की देरी हुई थी। कंपनी की तकनीकी टीमों ने तुरंत समस्या की पहचान कर उसे ठीक कर दिया, जिसके बाद परीक्षा सामान्य रूप से शुरू कर दी गई। उन्होंने उम्मीदवारों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा पर इस घटना का कोई असर नहीं पड़ा है। TCS की टीमें लगातार सभी सिस्टम्स की निगरानी कर रही हैं और NTA के साथ मिलकर परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए काम कर रही हैं।

#CUETUG2026 करने लगा ट्रेंड

घटना के बाद विपक्ष ने भी सरकार और परीक्षा एजेंसियों पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर छात्रों ने परीक्षा प्रबंधन को लेकर नाराजगी जाहिर की और कई जगहों से #CUETUG2026 ट्रेंड करने लगा। छात्रों का कहना है कि देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में बार-बार तकनीकी समस्याएं सामने आना चिंता का विषय है। अब सभी प्रभावित उम्मीदवारों की नजर NTA की अगली घोषणा पर है, जिसमें दोबारा परीक्षा की तारीख और प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे CUET और NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार cuet.nta.ac.in पर अपडेट देख सकते हैं।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article