एजुकेशन

CBSE: मार्किंग पोर्टल हैक होने के दावे को बोर्ड ने बताया गलत, कहा सुरक्षित है छात्रों का डेटा

सोशल मीडिया पर चल रहे CBSE ओएसएम पोर्टल के हैक होने के दावे को बोर्ड ने खारिज करते हुए बोर्ड ने कहा की छात्रों का डाटा पूरी तरह से सुरक्षित है।

Image

CBSE (Photo- AI)

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन तमाम दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि सीबीएसई का ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) पोर्टल हैक या कॉम्प्रोमाइज हो गया है। बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया है कि वास्तविक रिवैल्यूएशन सिस्टम और छात्रों का डेटा पूरी तरह से सुरक्षित है। इसमें किसी प्रकार का कोई कॉम्प्रोमाइज नहीं हुआ है। छात्रों और अभिभावकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

सोशल मीडिया पर वायरल वेबसाइट सिर्फ एक 'टेस्टिंग साइट'

सीबीएसई ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पोस्ट और दावों में जिस वेबसाइट cbse.onmarks.co.in का जिक्र किया जा रहा है, वह असल में वह पोर्टल नहीं है जहां छात्रों की बोर्ड परीक्षा की कॉपियां जांची जाती हैं। बोर्ड ने बताया कि यह केवल एक टेस्टिंग वेबसाइट थी, जिसे आंतरिक जांच, तकनीकी ट्रायल और ट्रेनिंग के उद्देश्यों के लिए तैयार किया गया था। इस डमी साइट का मुख्य मूल्यांकन प्रक्रिया से कोई सीधा संबंध नहीं था।

छात्रों के असली नंबर पूरी तरह सुरक्षित

सोशल मीडिया पर फैलाए गए भ्रम को दूर करते हुए सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि इस टेस्टिंग साइट पर छात्रों की असली कॉपियां, उनके अंक या मूल्यांकन से जुड़ा कोई भी वास्तविक डेटा मौजूद नहीं था। इसलिए, किसी भी छात्र के मार्क्स लीक होने या उनमें फेरबदल किए जाने की बात पूरी तरह गलत और आधारहीन है। असली डिजिटल पोर्टल पर 100% गोपनीयता के साथ कॉपियों की जांच की जाती है, उसका यूआरएल बिल्कुल अलग है और उसमें सुरक्षा से जुड़ी ऐसी कोई भी खामी नहीं पाई गई है।

पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लागू किया गया है OSM सिस्टम

बोर्ड ने बताया कि कॉपियों के मूल्यांकन में अधिक पारदर्शिता लाने और छात्रों की शिकायतों का तेजी से समाधान करने के लिए ही इस साल ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लागू किया गया। यह तकनीक पूरी तरह से जांची-परखी है।

सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं मजबूत सुरक्षा कवच

सीबीएसई ने देश और विदेशों में मौजूद अपने लाखों छात्रों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया है कि असली मूल्यांकन प्लेटफॉर्म की सुरक्षा के लिए बेहद कड़े सुरक्षा इंतजाम और 'सेफगार्ड्स' लगाए गए हैं। डेटा की सुरक्षा को लेकर कई स्तरों पर निगरानी रखी जाती है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अनधिकृत पहुंच या डेटा लीक की गुंजाइश न रहे। छात्र बिना किसी डर के अपने भविष्य पर ध्यान दें।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article