Allahabad University Phd. Admission 2026: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीएचडी में दाखिले की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। विश्वविद्यालय के कई विभागों ने शोध प्रवेश के लिए साक्षात्कार की तारीखों की घोषणा कर दी है। विभिन्न विभागों में 13 नवंबर से साक्षात्कार शुरू होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने का है।
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी पीएचडी एडमिशन
विश्वविद्यालय के कई विभागों ने अपने साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिए हैं, जबकि शेष विभागों से भी जल्द तारीखों की घोषणा होने की उम्मीद है। जारी कार्यक्रम के अनुसार वनस्पति विज्ञान विभाग में 13 नवंबर से पीएचडी प्रवेश के लिए साक्षात्कार शुरू होंगे। विधि विभाग ने 17 और 18 नवंबर को साक्षात्कार की तारीख तय की है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इस बार पीएचडी के लिए कुल 45 विषयों में 959 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें विश्वविद्यालय परिसर की 470 सीटें शामिल हैं, जबकि 11 संबद्ध कॉलेजों में भी शोध सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का विभागवार साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके बाद निर्धारित मानकों के आधार पर शोधार्थियों का चयन किया जाएगा।
शिक्षा विभाग में पीएचडी प्रवेश के लिए 30 नवंबर और एक दिसंबर को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। वहीं, मनोविज्ञान विभाग ने दो दिसंबर को साक्षात्कार की तारीख तय की है। टेक्सटाइल एवं अपैरल डिजाइन विभाग में चार नवंबर को साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
इसके अलावा भौतिक विज्ञान विभाग, मानव विज्ञान विभाग और वायुमंडलीय एवं महासागरीय अध्ययन केंद्र में 23 नवंबर को अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। पर्यावरण अध्ययन विभाग ने 20 नवंबर को साक्षात्कार निर्धारित किया है।
पीएचडी में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया विभागवार आयोजित साक्षात्कार के आधार पर आगे बढ़ेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने संबंधित विभाग की ओर से जारी सूचना पर नजर रखें और साक्षात्कार में शामिल होने के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।
