एजुकेशन

Agniveer Recruitment Rally 2026: महाराष्ट्र के 8 जिलों में 20 जुलाई को होगी अग्निवीर रैली, यहां देखें नियम और पूरी प्रक्रिया

Agniveer Recruitment Rally 2026: अग्निपथ योजना के तहत हुई ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) की लिखित परीक्षा में सफल रहे महाराष्ट्र के 8 जिलों के उम्मीदवारों के लिए भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 20 जुलाई को किया जा रहा है।

Image

Agniveer Recruitment Rally 2026 (Photo - AI)

Agniveer Recruitment Rally 2026: भारतीय सेना का हिस्सा बनने की राह देख रहे महाराष्ट्र के युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO), मुंबई द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य के आठ निर्धारित जिलों के उम्मीदवारों के लिए आगामी 20 जुलाई 2026 से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू होने जा रही है। इस रैली के माध्यम से अग्निपथ योजना के तहत सेना में युवाओं की भर्ती की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार इस रैली में हिस्सा ले सकते हैं और भर्ती में शामिल हो सकते हैं।

इन 8 जिलों के उम्मीदवार ले सकेंगे हिस्सा

जारी किए गए आधिकारिक बयान के अनुसार, इस भर्ती अभियान में महाराष्ट्र के निम्नलिखित आठ जिलों के मूल निवासी ही भाग लेने के पात्र हैं:

नंदुरबार
धुले
नासिक
ठाणे
पालघर
मुंबई शहर
मुंबई उपनगर
रायगढ़

क्या है चयन प्रक्रिया

यह शारीरिक और मेडिकल भर्ती रैली उन सभी उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है, जो अग्निपथ योजना के तहत हुई ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) की लिखित परीक्षा में सफल रहे हैं। शॉर्टलिस्ट (सफल) होने वाले अभ्यर्थियों को रैली के दौरान निम्नलिखित चरणों से गुजरना होगा, जिसके लिए एडमिट कार्ड ऑनलाइन माध्यम से जारी किए जाएंगे।

फिजिकल फिटनेस टेस्ट (PFT)
फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT)
शारीरिक क्षमता से जुड़े विभिन्न इवेंट्स
मेडिकल जांच

रैली में शामिल होन वाले उम्मीदवारों को सलाह है कि वे हॉल टिकट डाउनलोड करने के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से चेक करें। साथ ही अपनी रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर भी नजर बनाए रखें। जैसे ही एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा, आप उसे तुरंत डाउनलोड करके उसका प्रिंट ले पाएंगे।

रैली स्थल पर लगेंगे ये दस्तावेज

भर्ती रैली में रिपोर्टिंग के समय किसी भी तरह की परेशानी या अयोग्यता से बचने के लिए उम्मीदवारों को अपने सभी ओरिजिनल दस्तावेज पहले से ही संभाल कर रख लेने चाहिए, क्योंकि उन्हें रैली स्थल पर उनकी आवश्यकता होगी।

एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट
सभी जरूरी शैक्षणिक प्रमाण पत्र
मूल निवास प्रमाण पत्र
जाति प्रमाण पत्र (लागू हो तो)
चरित्र प्रमाण पत्र आदि

धोखाधड़ी वालों से बचने की सलाह

इस भर्ती रैली को लेकर सेना ने पारदर्शिता बरतने की बात करते हुए उम्मीदवारों को धोखाधड़ी से बचने की सख्त हिदायत दी है। बयान में जोर देते हुए कहा गया है कि "भारतीय सेना में भर्ती निष्पक्ष, पारदर्शी, मेरिट-आधारित और पूरी तरह से कंप्यूटराइज्ड होती है। चयन पूरी तरह से उम्मीदवार के प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर किया जाता है। कोई भी व्यक्ति या एजेंसी चयन प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकती है।"

सभी उम्मीदवारों को आगाह किया जाता है कि वे ऐसे बेईमान लोगों या दलालों के झांसे में बिल्कुल न आएं जो सेना में नौकरी लगवाने का झूठा दावा करते हैं। अभ्यर्थी अपनी शारीरिक और मेडिकल फिटनेस के तय मानकों को बनाए रखें और एडमिट कार्ड में दी गई निश्चित तारीख और समय पर ही स्टेडियम में रिपोर्ट करें। किसी भी छात्र को उसकी तय तारीख के अलावा किसी दूसरे दिन शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article