Bihar Crime: बिहार के नालंदा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। चंडी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को सड़क किनारे खेत में फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो उन्होंने तत्काल प्रभाव से पुलिस को इसकी सूचना दी।
दिल दहलाने वाली वारदात
सड़क किनारे शव देखकर हर कोई हैरान है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले महिला के साथ अमानवीय अत्याचार किया गया है, क्योंकि महिला के पैरों में 10 कीलें गड़ी हुई दिखाई दीं। इस क्रूरता ने हर किसी को अंदर से झगझोर कर रख दिया और इससे आप हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगा सकते हैं।
गांव में मचा हड़कंप
शव की स्थिति देख स्थानीय लोग भयभीत हो गए और गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। हालांकि, अब तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और शव को मरचुरी में रखा गया है, ताकि पहचान की जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की हत्या किस कारण से की गई। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश या अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या का एंगल भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शव की पहचान के बाद मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्मम हत्या का ऐसा मामला पहले कभी सामने नहीं आया। ऐसे में पुलिस ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की ताकि जल्द से जल्द महिला की पहचान की जा सके और हत्यारों पर शिंकजा कसा जा सके। हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस मामले की गुत्थी को सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
