मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में कक्षा 11वीं की छात्रा ने गुरुवार शाम अपने घर में फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि स्कूल के ही चार छात्रों ने मिलकर उनकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाया।आरोपी बेटी को ब्लैकमेल कर रहे थे इसलिए उसने आत्महत्या कर ली।
पहाड़ी पर ले जाकर किया रेप
पिता के द्वारा लगाए गए आरोप की पथरिया पुलिस जांच कर रही है। छात्रा के पिता ने बताया कि गुरुवार को उनकी बेटी स्कूल नहीं गई। उन्होंने घर में जानकारी ली कि बेटी स्कूल क्यों नहीं गई, तो बाद में उनकी पत्नी ने बताया कि 2 दिन पहले यानि सोमवार को स्कूल के ही दो छात्र लंच टाइम के बाद उनकी बेटी को अपने साथ पहाड़ी पर गए थे। वहां पर दो छात्र और साथ में थे। उन लोगों ने मिलकर बेटी के साथ सामूहिक बलात्कार किया और उसका वीडियो भी बनाया।
पुलिस में शिकायत
इस जानकारी के बाद पिता ने मामले की सच्चाई जानने के लिए अपने बेटे को उन दो आरोपी छात्रों के पास भेजा, ताकि मामला स्पष्ट हो सके। दोनों छात्रों ने बात घुमाने का प्रयास किया और कहा कि उन्होंने कोई वीडियो नहीं बनाया है। मामला गड़बड़ लगा, तो पुलिस में जाकर शिकायत की।
बच्ची ने लगा ली फांसी
इसके बाद जब घरवाले कुछ रिश्तेदार के साथ बैठे हुए थे, तभी बच्ची ने एक कमरे में जाकर फांसी लगा ली। पिता ने बताया कि और भी लोगों से उन्हें जानकारी मिली है कि आरोपियों ने उनकी बेटी को अपने साथ स्कूल से पहाड़ी पर लेकर गए थे। पिता का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पथरिया थाना टीआई सुधीर बेगी ने बताया किसी आरोपियों के खिलाफ धारा 107, 70, 64, 70A बीएनएस और पास्को एक्ट 3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
