क्राइम

तेलंगाना में काला जादू करने के शक में महिला की बेरहमी से आग लगाकर हत्या

Telangana: तेलंगाना के मेडक जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक यहां कुछ लोगों ने काले जादू के शक में एक महिला की आग लगाकर हत्या कर दी। पुलिस ने अभी तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Image

तेलंगाना के मेडक जिले में काले जादू के शक में लोगों ने की महिला की हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Telangana: तेलंगाना के मेडक जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले में कुछ लोगों ने एक महिला को आग लगा कर जला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इन लोगों को महिला पर काला जादू करने का शक था। इस घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात रामायमपेट मंडल के कटरियाल गांव में महिला के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर उसे आग लगा दी। स्थानीय पुलिस के अनुसार, महिला पर हमला करने वाले लोगों ने महिला को पहले पीटा फिर पेट्रोल छिड़क कर उसको आग लगा दी। महिला का नाम डी मुत्तवा बताया जा रहा है। घटना के दौरान डर की वजह से पीड़ित महिला का बेटा और बहू अपनी जान बचाने के लिए घर से भाग गए। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे और आग बुझाई। हैदराबाद के एक अस्पताल में ले जाते समय महिला की मौत हो गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने महिला के शव को रामायमपेट अस्पताल भेज दिया और जांच शुरू कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित के बेटे ने बताया कि हमले में 6 लोग शामिल थे। आरोपी का एक रिश्तेदार बीमार हो गया था और उन्होंने इसके लिए मुत्तवा को जिम्मेदार मानते हुए हमला कर दिया।

तेलंगाना में इस तरह के कई केस आ चुके है सामने

बता दें कि इससे पहले भी तेलंगाना के कुछ जिलों में इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं, जिनमें भानामति (काले जादू का एक रूप) का अभ्यास करने के संदेह में लोगों को जिंदा जला दिया गया या उन्हें काट कर मार दिया गया। ज्यादातर मामलों में पीड़ित महिलाएं ही थीं। काले जादू के शक में इन महिलाओं की या तो हत्या कर दी गई या उन्हें नंगा करके घुमाया गया या उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किया गया। ज्ञात हो कि पिछले दो दशकों में पुलिस द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान के कारण ऐसे मामलों की संख्या में कमी आई है, लेकिन इसके बाद भी यह समस्या समाप्त नहीं हुई है। इससे पहले दिसंबर 2022 में भी, एक व्यक्ति और उसके दो बेटों की कुछ लोगों ने काले जादू के शक में बेरहमी से हत्या कर दी थी। यह घटना जगतियाल जिले के तारकराम नगर में येरुकला समुदाय की एक बैठक के दौरान घटी थी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article