क्राइम

सैफ पर हमला करने के बाद मुंबई से इसलिए नहीं भागा था शहजाद! आराम से बस स्टॉप पर था सोया

सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी को कोर्ट ने पुलिस की हिरासत में भेज दिया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले में अन्य एंगल पर भी काम कर रही है।

Image

सैफ अली खान पर हमला करने के बाद मुंबई में ही था आरोपी (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : IANS
KEY HIGHLIGHTS
सैफ अली खान पर हमला करने वाले की कहानी
हमला करने के बाद बांद्रा में ही था आरोपी
बाद में घटना का पता चलने के बाद भागा

सैफ अली खान पर हमला करने का आरोप जिस शख्स पर लगा है, असल में वो बांग्लादेशी है। इतना ही नहीं हमला करने के बाद आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद, मुंबई से भागा नहीं था, बल्कि आराम से बस स्टैंड पर सोया था। ऐसा लगता है कि थोड़ी सी पुलिस की लापरवाही के कारण भी वो इतने देर तक बचने में सभल रहा था, नहीं तो वो शायद पहले दिन ही मुंबई क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ जाता। दावा किया गया है कि आरोपी ने सैफ पर हमला किया है, इसका उसे घटना के अगले दिन पता चला और तब वो बांद्रा से भागा।

पुलिस ने सैफ के हमलावर को कब किया गिरफ्तार

मुंबई के बांद्रा में 16 जनवरी को सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को पुलिस ने 18 जनवरी को गिरफ्तार किया। शहजाद एक बांग्लादेशी नागरिक था, जो अवैध रूप से भारत में घुस आया था और अपना नाम बदलकर बिजॉय दास रख लिया था। वह 15 जनवरी की रात सैफ के बांद्रा स्थित घर में चोरी के इरादे से घुसा था।

बस स्टॉप पर सो रहा था आरोपी

अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी 16 जनवरी को सुबह सात बजे तक बांद्रा पश्चिम में पटवर्धन गार्डन के पास एक बस स्टॉप पर सोता रहा। बाद में वह ट्रेन में सवार होकर वर्ली (मध्य मुंबई में) पहुंचा। अधिकारी के मुताबिक, “हमारी जांच में सामने आया कि आरोपी सीढ़ियों से सातवीं-आठवीं मंजिल तक गया, फिर डक्ट क्षेत्र में प्रवेश कर एक पाइप के सहारे 12वीं मंजिल पर चढ़ा और बाथरूम की खिड़की के जरिये अभिनेता के फ्लैट में घुस गया। फिर वह बाथरूम से बाहर आया, जहां उसे सैफ के कर्मचारियों ने देखा, जिसके बाद घटनाओं का सिलसिला शुरू हुआ और हमले का कारण बना।”

सैफ को हो गई थी गलतफहमी

एक पुलिस अधिकारी के हवाले से पीटीआई ने कहा कि आरोपी ने घर में घुसने के बाद एक घरेलू सहायिका से बहस की और एक करोड़ रुपए की मांग की। जब सैफ ने घटना को सुना और घटनास्थल पर पहुंचे, तो शहजाद ने घबराकर सैफ की पीठ पर चाकू मार दिया। बाद में सैफ ने फ्लैट को बंद कर दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि आरोपी अंदर फंसा हुआ है। हालांकि आरोपी उसी जगह से भागने में कामयाब रहा, जहां से वह अंदर घुसा था। हमने उसके बैग से हथौड़ा, पेचकस, नायलॉन की रस्सी और अन्य सामान बरामद किया है।

लोकल पुलिस की लापरवाही

अधिकारी के मुताबिक, आरोपी को घटना के बारे में खबरों और सोशल मीडिया पर पोस्ट देखने के बाद पता चला कि उसने एक बॉलीवुड अभिनेता पर हमला किया है। इस बीच, एक अन्य अधिकारी ने दावा किया कि शहजाद को भागने का समय मिल गया, क्योंकि बांद्रा थाने के एक कर्मी ने सैफ की बिल्डिंग के सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) को अपने पास रख लिया था और इसे मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के साथ साझा नहीं किया गया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!