हरियाणा का एक लड़का अपराध की दुनिया में इतना तेज भाग रहा है कि महज 19 साल की उम्र में वो इंटरपोल की नजर में आ गया है। इंटरपोल ने हरियाणा के गैंगेस्टर योगेश कादयान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। योगेश कादयान में कई गंभीर आरोप लगे हैं।
एनआईए के डर से भागा अमेरिका!
गैंगस्टर और आतंकवादी नेटवर्क पर एनआईए की कार्रवाई के बाद, कई गैंगस्टर या तो भूमिगत हो गए हैं या नकली पासपोर्ट का उपयोग करके भारत से भाग गए हैं। योगेश कादयान भी इन्हीं में से एक है। यह हरियाणा और एनसीआर में सक्रिय गिरोह का हिस्सा है। मिली जानकारी के अनुसार एनआईए ने योगेश कादयान के ठिकानों पर छापा भी मारा था।
कौन है योगेश कादयान
योगेश कादयान हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी गांव का रहने वाला है। कहा जाता है कि कादयान बंबीहा गैंग का गैंगेस्टर है और नीरज बवाना के करीबी गैंगेस्टर से भी उसका संपर्क है। कादयान एक शार्प शूटर है और आधुनिक हथियारों को चलाने में एक्सपर्ट माना जाता है। योगेश कादयान पर आपराधिक साजिश और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। कादयान की दुश्मनी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है।
क्या होता है रेड कॉर्नर नोटिस
रेड नोटिस दुनिया भर में कानून प्रवर्तन से प्रत्यर्पण, आत्मसमर्पण या इसी तरह की कानूनी कार्रवाई के लिए लंबित किसी व्यक्ति का पता लगाने और उसे अस्थायी रूप से गिरफ्तार करने का अनुरोध है। यह अनुरोध करने वाले देश में न्यायिक अधिकारियों द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट या अदालती आदेश पर आधारित है। किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करना है या नहीं, यह तय करने में सदस्य देश अपने स्वयं के कानून लागू करते हैं। रेड नोटिस किसी सदस्य देश के अनुरोध पर इंटरपोल द्वारा जारी किया जाता है।
