सैफ अली खान पर हमला हुए 24 घंटे से ऊपर हो चुके हैं, मुंबई को अनसेफ सिटी की टैग मिलने लगा है, मंत्रियों और नेताओं का बयान आने लगे हैं, लेकिन इन सबके बीच एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब अभी तक पुलिस नहीं दे पाई है। सैफ पर हमला करने वाला कहां है और कौन है? इसका जवाब अभी तक पुलिस नहीं दे पाई है। इस मामले में न तो पुलिस ने किसी को गिरफ्तार किया है और न ही किसी को हिरासत में लिया है।
सैफ अली खान पर किसने किया हमला (फोटो- PTI&ANI)
ये भी पढ़ें- सैफ अली खान पर हमले में अंडरवर्ल्ड गिरोह का हाथ नहीं, कभी नहीं जताई थी खतरे आशंका, बोले मंत्री योगेश कदम
सैफ पर हमले मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं
मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि अभिनेता सैफ अली खान के मामले से संबंधित किसी भी व्यक्ति को अभी तक हिरासत में नहीं लिया गया है। पहले खबर आई थी कि एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन लाया गया था, हालांकि पुलिस ने अब इस संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि वह व्यक्ति सैफ अली खान मारपीट मामले से संबंधित नहीं है।
सैफ केस में कहां तक पहुंची जांच
आज मुंबई पुलिस ने बताया कि उन्होंने सैफ की पीठ से निकाले गए ब्लेड के एक हिस्से को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि बाकी हिस्से को बरामद करने की कोशिशें अभी भी जारी हैं। मुंबई पुलिस ने यह भी बताया कि बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले में शामिल कथित आरोपी को आखिरी बार बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास देखा गया था और उसे पकड़ने के लिए तलाश जारी है। पुलिस को शक है कि घटना के बाद संदिग्ध ने सुबह पहली लोकल ट्रेन पकड़ी और वसई विरार की ओर चला गया। मुंबई पुलिस की टीमें वसई, नालासोपारा और विरार इलाकों में तलाशी ले रही हैं।
कैसी है सैफ की तबीयत
सैफ अली खान के शरीर में लगे हेक्सा ब्लेड को डॉक्टरों ने निकाल दिया है। सैफ की हालत में स्थिर है। बता दें कि 16 जनवरी को अभिनेता पर एक अज्ञात शख्स ने चाकू से छह बार वार किया था। छह घावों में से दो गंभीर बताए बताए गए। ये जख्म उनकी रीढ़ की हड्डी के करीब थे। वारदात तड़के सुबह 2 बजकर 15 मिनट पर हुई थी। चोर सैफ के बांद्रा स्थित आलीशान घर में घुसा और उनके नौकरों पर हमला किया फिर जब सैफ ने बीच-बचाव किया तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। घटना के समय करीना अपने दोनों बच्चों तैमूर और जेह के साथ घर पर ही मौजूद थीं। बेटे जेह के कमरे में हुए शोरगुल से अभिनेता जाग गए। बाहर आकर उन्होंने देखा कि अपराधी उनकी घरेलू सहायिका से बहस कर रहा था, यह देखकर सैफ ने अपराधी से उन्हें बचाने की कोशिश की, जिस पर उसने उन पर हमला कर दिया।
