Amritpal Singh News: असम की जिस जेल में खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह बंद है, वहां ऐसे लगता है कि बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी। पुलिस को छापे के दौरान डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल से स्पाई कैम, सिम और फोन मिला है। डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में ही अमृतपाल सिंह बंद है।
एनएसए के आरोपियों से बरामद हुए कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट
असम पुलिस ने डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल को लेकर कहा कि जेल में बंद राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के आरोपियों की कोठरियों से कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट मिले हैं। पुलिस महानिदेशक जी.पी. सिंह ने कहा कि अनधिकृत गतिविधि की सूचना मिलने के बाद जेल कर्मचारियों ने परिसर की तलाशी ली।
डिब्रूगढ़ जेल में क्या-क्या मिला
तलाशी के दौरान जब्त किए गए तकनीकी उपकरणों में एक सिम के साथ एक स्मार्टफोन, एक कीपैड फोन, एक कीबोर्ड के साथ एक टीवी रिमोट, पेन ड्राइव, ब्लूटूथ हेडफोन, स्पीकर और एक स्पाई-कैम पेन शामिल है। हालांकि, असम के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने अपने पोस्ट में अमृतपाल सिंह या डब्ल्यूपीडी के नाम का उल्लेख नहीं किया। सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- "इन अनधिकृत सामानों के स्रोत और उन्हें उपलब्ध करने के तरीकों का पता लगाया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।"
10 खालिस्तानी समर्थक बंद
खालिस्तानी समर्थक कट्टरपंथी समूह "वारिस पंजाब दे" के 10 सदस्यों डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में बंद हैं, जिसमें इसके नेता अमृतपाल सिंह और उसके एक चाचा भी शामिल हैं। पिछले साल 19 मार्च से इन्हें जेल में रखा गया है।
