Telangana Dog Killing: तेलंगाना के महबूबनगर जिले में कुत्तों की हत्या का बड़ा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दो नहीं बल्कि 20 कुत्तों की हत्या की गई है, वो भी गोलियों बरसाकर। गोलियां इतनी चली कि लोग घर से बाहर निकलने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाए।
4 नकाबपोशों ने की कुत्तों की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार महबूबनगर जिले के अद्दाकुला मंडल के पोन्नाकल गांव में इन कुत्तों की हत्या हुई है। गुरुवार को जब पूरा गांव सो रहा था, तब 4 नकाबपोश गांव में घुसे और फायरिंग करने लगे। कुतों के इन कातिलों ने गली-गली घूमकर कुत्तों को निशाना बनाया। एक के बाद एक कुत्तों को मारते रहे। इनकी फायरिंग से डरकर कुत्ते इधर उधर भागते रहे और ये मारते रहे।
घरों में बंद रहे लोग
स्थानीय लोगों ने बताया कि वो लोग कुत्तों के भौंकने और बंदूकों की आवाज से डरकर अपने घरों से बाहर नहीं निकले। गोली लगने से कुछ कुत्ते मौके पर ही मर गए, जबकि कुछ घायल होकर भाग गए और कई गलियों में जाकर मर गए। 20 से अधिक कुत्तों की जान चली गई और अन्य घायल पाए गए।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलने के बाद भूतपुर सीआई रामकृष्ण, अद्दाकुला एसआई श्रीनिवासुलु और पशु चिकित्सकों का स्टाफ मौके पर पहुंचा। मृत कुत्तों के शरीर में गोलियां पाई गईं। गोली चलाने वाले बदमाश कौन हैं और इनकी हत्या क्यों की गई, इन सवालों का जवाब अभी तक पुलिस नहीं ढूढ पाई है। पुलिस जांच जारी है।
