क्राइम

छत्तीसगढ़ में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, आठ लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, सहयोगी भी हुआ अरेस्ट

छत्तीसगढ़ में इस साल नक्सलियों के सफाये के लिए कई ऑपरेशंस को अंजाम दिया जा चुका है। दर्जनों नक्सली पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुक हैं।

Image

छत्तीसगढ़ में महिला नक्सली गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से आठ लाख रुपये के इनामी एक वरिष्ठ महिला नक्सली और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले कई लाखों के इनामी नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।

पति भी था नक्सली

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि नक्सलियों की संभागीय समिति की सदस्य मालती उर्फ राजे (48) और उसे अपने घर में पनाह देने वाले श्यामनाथ उसेंडी को शनिवार को कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि राजे के पति को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने दंपति की गिरफ्तारी को राज्य में नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया।

8 लाख का था इनाम

उन्होंने बताया कि राजे नक्सलियों के उत्तरी बस्तर संभाग के रावघाट क्षेत्र समिति की प्रभारी थी और उस पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस को पिछले कुछ दिनों से राज्य की राजधानी रायपुर से करीब 200 किलोमीटर दूर कोयलीबेड़ा क्षेत्र में उसकी गतिविधि के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान कौडोसाल्हेभाट गांव में राजे की मौजूदगी का पता चला, जहां उसेंडी ने उसे पनाह दी थी। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सिर्फ बस्तर से 925 नक्सली हुए हैं गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि राजे का पति प्रभाकर उर्फ बालमुरी राव ‘स्पेशल जोनल कमेटी’ रैंक का काडर है। उसे पिछले साल 22 दिसंबर को कांकेर से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि पिछले साल राज्य के बस्तर क्षेत्र में 925 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। बस्तर क्षेत्र में कांकेर समेत सात जिले शामिल हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article