हरियाणा में कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता की हत्या हो गई है। महिला की लाश एक बंद सूटकेस में मिली है। रोहतक में सूटकेस में लाश मिलने से हड़कंप मच गया है और कांग्रेस नेता, राज्य की सैनी सरकार को कानून व्यवस्था के मामले पर घेरने लगे हैं। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर इस मामले को लेकर हमला बोला है।
रोहतक में मिली लाश
रोहतक जिले में सांपला बस अड्डे के पास शनिवार को सूटकेस में एक महिला का शव मिला। पुलिस ने बताया कि महिला रोहतक के विजय नगर की निवासी थी और उसकी उम्र करीब 22 वर्ष थी। कुछ राहगीरों ने सूटकेस देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सांपला थाने के निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
हुड्डा ने जांच की मांग की
हुड्डा ने ट्वीट कर कहा- "रोहतक में कांग्रेस की सक्रीय कार्यकर्ता की बर्बर हत्या का समाचार बेहद दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि व परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। एक लड़की की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना, बेहद दुखदाई और आघात पहुंचाने वाला है। यह अपने आप में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बदनुमा धब्बा है। इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो और सरकार पीड़िता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय व दोषियों को कठोरतम दंड दिलाए।"
