IT सिटी पुणे में एक आईटी प्रोफेशनल युवती से शादी का झांसा देकर शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुणे के विमान नगर पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है। पीड़िता ने शिकायत की है कि युवक ने उसके साथ शादी का झांसा देकर शोषण किया। बाद में मारपीट कर लाखों रुपए हड़प लिए गए। FIR के अनुसार पुणे के विमान नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक एक मार्केटिंग कंपनी का मालिक है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अब उससे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई हो रही है।
शादी का झांसा दे फुसलाया
जांच अधिकारी रविंद्र दावरे (SI) के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसे फुसलाया और उसके बाद 85 लाख रुपये हड़प ली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने नशीली दवाओं के प्रभाव में उसे सार्वजनिक रूप से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने दूसरी महिला से शादी कर ली और कई महीनों तक पीड़िता को इस बात की जानकारी नहीं लगने दी।
शादीशुदा था युवक
शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता को युवक के शादीशुदा होने का पता चला तो उसने विरोध किया। विरोध पर युवक ने पीड़िता से मारपीट की। पीड़िता ने पुणे और महाराष्ट्र में महिला उत्थान संगठनों के सहयोग से आखिरकार विमान नगर पुलिस स्टेशन में आदित्य श्रीवास्तव नाम के शख्स के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी रविंद्र दावरे (SI) ने बताया कि पुलिस ने मामले के आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है और जांच की जा रही है।
