पंजाब के मोगा में शिवसेना नेता की हत्या हो गई है। शिवसेना नेता मंगत राय मंगा को गुरुवार की रात गोली मारी गई। मंगत राय मंगा को गाली मारकर हमलावर फरार हो गए, इस घटना में एक नाबालिग भी घायल हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मोगा में शिवसेना जिलाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
पंजाब के मोगा में शिवसेना समूह के एक जिला अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि हमले में एक नाबालिग घायल हो गया। पीटीआई-वीडियो के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात को उस समय हुई जब संगठन की जिला इकाई के अध्यक्ष मंगत राय मंगा दूध खरीद रहे थे। पुलिस ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने रात करीब 10 बजे उन पर गोली चलाई, लेकिन गोली मंगा की जगह 12 वर्षीय एक लड़के को जा लगी। उसने बताया कि मंगा तुरंत ही दोपहिया वाहन पर सवार होकर वहां से भाग गये लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया।
हमलावर मोगा से फरार
पुलिस ने बताया कि पीछा करते समय हमलावरों ने मंगा पर दोबारा गोली चलाई और इस बार गोली मंगा को जा लगी जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगा को पुलिस अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घायल किशोर को पहले मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।
बेटी ने क्या बताया
पुलिस ने बताया कि वे इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि मंगा किस शिवसेना संगठन से जुड़े थे। दक्षिणपंथी समूह विश्व हिंदू शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जोगिंदर शर्मा ने कहा कि हमें पता चला कि कुछ बदमाशों ने मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही हम अस्पताल पहुंचे। मंगा की बेटी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि उनके पिता गुरुवार रात लगभग आठ बजे दूध लेने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने कहा, ‘‘रात 11 बजे किसी ने हमें बताया कि मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हम न्याय चाहते हैं और इसके लिए हमें जो भी करना पड़े करेंगे।’’
