क्राइम

बांग्लादेश के मदरसे में मौलाना ने किया दो नाबालिग लड़कों के साथ कुकर्म, कई महीनों से कर रहा था शोषण

यूनुस सरकार के सत्ता में आने के बाद महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होती जा रही है। लोग लगातार गृह मामलों के सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी को हटाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि वे देश में सुरक्षा बहाल करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : PTI

बांग्लादेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते यौन अपराधों के विरोध में बड़े प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी बीच, जमालपुर जिले के सरिसाबाड़ी उपजिला में एक मदरसे के शिक्षक को दो नाबालिग लड़कों के साथ दुष्कर्म के आरोप में रविवार को हिरासत में लिया गया। स्थानीय न्यूजपेपर 'द डेली स्टार' के अनुसार, आरोपी का नाम बोजलुर रहमान (30) है, जो मदरसे का वरिष्ठ शिक्षक है।

महीनों से कर रहा था अत्याचार

एक पीड़ित की मां ने बताया कि उनका 10 साल का बेटा पिछले दो महीनों से इस दुष्कर्म का शिकार हो रहा था, लेकिन उसने हाल ही में इस बारे में बताया। दूसरे पीड़ित बच्चे की मां ने कहा कि उनका 9 साल का बेटा चार महीनों से इस अत्याचार को झेल रहा था। जब यह घटना सामने आई, तो स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर घंटों हिरासत में रखा। बाद में सेना ने हस्तक्षेप कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पीड़ित बच्चों को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस अधिकारी अब्दुल हन्नान ने बताया कि नूर इस्लाम के खिलाफ दो बच्चों के साथ दुष्कर्म और दुर्व्यवहार का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ितों को चिकित्सा जांच के लिए शहीद जियाउर रहमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

बांग्लादेश में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले

इससे अलग, बोगुरा जिले के कहालू में भी दो बच्चों के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। हाल के दिनों में बांग्लादेश में कई ऐसे मामले सामने आए हैं। शनिवार को सात जिलों में दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास के मामलों में कम से कम चार लोगों को जेल भेजा गया, एक को गिरफ्तार किया गया, और दो अन्य के खिलाफ मामले दर्ज किए गए।

दुष्कर्म के खिलाफ प्रदर्शन

इससे पहले इसी सप्ताह, छह अलग-अलग जिलों में छह बच्चों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। इन मामलों में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पीड़ित बच्चों की उम्र छह से चौदह साल के बीच है। एक दुखद घटना में यौन उत्पीड़न की शिकार एक किशोरी ने आत्महत्या कर ली। बांग्लादेश में कई राजनीतिक दल और छात्र संगठन, कार्यवाहक सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वे प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस की सरकार पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रहने का आरोप लगा रहे हैं। मगुरा जिले में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले के विरोध में प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इसी हफ्ते, ढाका विश्वविद्यालय के छात्रों ने मशाल जुलूस निकालकर इस बढ़ती हिंसा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने गृह मामलों के सलाहकार को हटाने और न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी की।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article