Madhya Pradesh Crime: मध्य प्रदेश के सीधी में एक व्यक्ति पर स्कॉलरशिप का झांसा देकर 7 आदिवासी लड़कियों से दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोपी आवाज बदलने वाले ऐप का इस्तेमाल कर खुद को महिला प्रोफेसर बताकर लड़कियों से बात करता था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ब्रजेश कुशवाह अशिक्षित है और ऐप का प्रयोग कर के खुद को एक कॉलेज की महिला शिक्षिका बताता था और मध्य प्रदेश के सीधी जिले के आदिवासी कॉलेज के छात्रों को यह विश्वास दिलाता था कि वह उन्हें छात्रवृत्ति दिलाने में मदद करेगी। महिला की आवाज़ में, कुशवाह छात्रों से कहता था कि वे सुनसान इलाके में जाएं जहां वह उनसे मिलने के लिए एक आदमी को भेजेगी और उन्हें मोटरसाइकिल पर अपने घर ले आएगी। कुशवाह वहां आता था, छात्रों को जंगल में ले जाता था और उनका बलात्कार करता था। पुलिस ने बताया कि उसने कम से कम सात आदिवासी कॉलेज छात्राओं का इस तरह यौन उत्पीड़न किया।
खुद को महिला प्रोफेसर बताकर किया 7 लड़कियों से दुष्कर्म
प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर आरोपी के घर को ढहाया
बची हुई छात्राओं ने पुलिस को बताया कि कुशवाह हेलमेट पहनता था, जिससे उसे पहचानना मुश्किल हो जाता था। एकमात्र सुराग यह था कि वह हमेशा दस्ताने पहनता था। इस छोटी सी जानकारी ने पुलिस को कुशवाह तक पहुंचाया, जिसने महाराष्ट्र में एक रोलिंग मिल में काम करते समय अपने हाथ जला लिए थे। कुशवाहा को शनिवार को उनके तीन कथित साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया और सीधी जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उनके घर को ढहा दिया।
पुलिस महानिरीक्षक महेंद्र सिकरवार ने कहा कि एक महिला ने हमसे संपर्क किया और बताया कि एक व्यक्ति ने छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर उसे सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। हमारी जांच के बाद, हमने ब्रजेश कुशवाह की पहचान की, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने हमें बताया कि वह सेलफोन ऐप का उपयोग करके अपनी आवाज बदलकर महिला की आवाज निकालता था। उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जांच के लिए विशेष जांच दल का किया गठन
सिकरवार ने कहा कि इस मामले को सुलझाने में हमारी मदद करने वाला सुराग यह था कि छात्रों पर हमला करने वाले ने सभी छात्रों से मिलते समय दस्ताने पहने हुए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुशवाह अनपढ़ है, लेकिन उसने ऐप का इस्तेमाल करना और संभावित लक्ष्यों की पहचान करने के लिए फोन से नंबर निकालना सीख लिया है। साइबर सेल ने भी एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों से आवाज बदलने वाले ऐप के दुरुपयोग के बारे में सावधान रहने को कहा गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की जांच के लिए नौ सदस्यीय विशेष जांच दल के गठन का आदेश दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या कुशवाह ने और भी महिलाओं को निशाना बनाया था। इस दल का नेतृत्व एक महिला पुलिस उपाधीक्षक करेंगी।
