क्राइम

जिसे अंतरधार्मिक जोड़ा समझ बदमाशों ने दिया था पीट, वो निकले भाई-बहन, अब 7 गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी हिरासत में

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 11, 2024, 10:40 PM IST

Karnataka Moral Policing: घटना कर्नाटक के बेलागावी की है। पुलिस ने बताया कि घटना पिछले शनिवार छह जनवरी की है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित भाई-बहन की उम्र 20 वर्ष के आस-पास की है।

Image

कर्नाटक में मोरल पुलिसिंग के आरोप में 7 गिरफ्तार

Photo : BCCL

Karnataka Moral Policing: कर्नाटक में मोरल पुलिसिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुरुवार को भी एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग एक अंतरधार्मिक जोड़े को पीटते दिख रहे हैं। बाद में पता चला कि जिन्हें वो पीट रहे थे, वो भाई बहन हैं। इस मामले में पुलिस ने अबतक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 2 नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।

बेलागावी की घटना

घटना कर्नाटक के बेलागावी की है। पुलिस ने बताया कि घटना पिछले शनिवार छह जनवरी की है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित भाई-बहन की उम्र 20 वर्ष के आस-पास की है, जो यहां फोर्ट लेक पर बैठकर बातचीत कर रहे थे कि तभी नाबालिगों सहित कुछ लोगों का एक गिरोह वहां पहुंच गया। पुलिस ने बताया कि गिरोह को लगा कि ये अंतरधार्मिक प्रेमी जोड़ा है, जिसके बाद वे दोनों को झील के पास एक कमरे में कथित तौर पर ले गए और उनकी पाइप से पिटाई की।

लड़की का मौसेरा भाई

पुलिस के मुताबिक, युवती कुछ कागज लेने के लिए अपने कॉलेज गई थी। जहां उसे दोपहर 3.30 बजे तक इंतजार करने के लिए कहा गया था। इसलिए उसका मौसेरा भाई भी उसके साथ आ गया और दोनों फोर्ट लेक पर इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि युवती ने हिजाब पहन रखा था जबकि लड़के ने तिलक लगाया हुआ था। प्रेमी जोड़ा समझकर आरोपियों ने उनसे मारपीट की।

सच्चाई जानने के बाद भी पीटा

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों ने गिरोह को बताया कि वे मौसेरे भाई-बहन हैं लेकिन आरोपियों ने उन्हें नहीं बख्शा। अधिकारी ने बताया कि लड़की की मां हिंदू और पिता मुस्लिम हैं। उन्होंने बताया कि लड़की की मां और लड़के की मां आपस में बहनें हैं। अधिकारी के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। अधिकारी ने बताया कि इस बीच, लड़के ने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया और पुलिस मौके पर पहुंच गई।

एक फरार

उन्होंने बताया कि हमले में लड़के को गंभीर चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के मुताबिक घटना में 17 लोग शामिल थे, जिनमें से तीन को प्राथमिकी में नामित किया गया है। हालांकि सीसीटीवी से 10 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। जिसमें से 7 को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही 2 नाबालिग भी हिरासत में है। एक आरोपी अभी भी फरार है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article