क्राइम

Punjab: BJP नेता के घर पर ग्रेनेड फेंकने के मामले में 2 गिरफ्तार, ISI और लॉरेंस बिश्नोई का हाथ!

भाजपा ने इस घटना के विरोध में पंजाब भर में धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मनोरंजन कालिया को फोन कर स्थिति का जायजा लिया।

Image

पुलिस की गिरफ्त में दो आरोपी

Photo : ANI

पंजाब के जलांधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड फेंकने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने कहा कि यह घटना राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की आईएसआई और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों की साजिश थी।

पुलिस ने क्या-क्या कहा

पुलिस ने बताया कि कालिया के आवास पर फेंके गए हथगोले के विस्फोट में एल्युमीनियम की दीवार (पार्टिशन), कांच की खिड़कियां, उनकी एसयूवी और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। कालिया जालंधर में शास्त्री मार्केट के पास स्थित अपने घर पर थे, जब रात करीब एक बजे विस्फोट हुआ। पुलिस ने बाद में इस घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया और कहा कि यह पंजाब में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों की साजिश थी। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने यहां मीडिया को बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है। शुक्ला ने कहा कि पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। उन्होंने कहा- ‘‘यह पाकिस्तान की आईएसआई की एक बड़ी साजिश थी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी जीशान अख्तर और (पाकिस्तानी गैंगस्टर) शहजाद भट्टी ने साजिश रची थी।’’

दिल्ली तक पहुंची जांच

आरोपियों की पहचान जालंधर के भार्गव कैंप निवासी सतीश उर्फ लक्खा और गढ़ा निवासी हैरी के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम अन्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली रवाना हो गई है। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान दिल्ली में अन्य संदिग्धों के सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब उन्हें पकड़ने के लिए दिल्ली रवाना हो गई है।

मनोरंजन कालिया से मिलने पहुंचे हरियाणा सीएम

वहीं, मनोरंजन कालिया का हाल जानने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर बादल उनके घर पहुंचे। इस दौरान हरियाणा के सीएम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पंजाब पहले ही पीड़ित रहा है और राज्य ने काफी दुख सहा है। ऐसे में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा जताई कि पंजाब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की तह तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इस घटना के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। ग्रेनेड हमले को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रशासन पर सवाल उठाए और कहा कि समय आने पर समाज खुद इसका जवाब देगा।

एजेंसी इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article