अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने का दावा करने वाले और इसके लिए कोर्ट में याचिका दाखिल करने वाले विष्णु गुप्ता पर हमला हुआ है। अजमेर से दिल्ली आने के दौरान उनपर फायरिंग की खबर है। विष्णु गुप्ता ने हमले की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी और जांच जारी है।
हमले के बाद क्या बोले विष्णु गुप्ता
हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा- "मैं दिल्ली की ओर जा रहा था। मैंने बाइक पर 2 लोगों को देखा और जैसे ही मैंने फायरिंग की आवाज सुनी, मैंने ड्राइवर से कार की गति बढ़ाने को कहा। बाद में वे भाग गए। यह मुझे अजमेर दरगाह मामले को आगे बढ़ाने से रोकने के लिए एक सुनियोजित साजिश है। इससे पहले भी मुझे केस वापस लेने की धमकियां मिली थीं... मैं डरने वाला नहीं हूं..."
विष्णु गुप्ता पर कहां हुआ हमला
यह घटना अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र स्थित गगवाना गांव के पास हाईवे पुलिया के पास की बताई जा रही है। विष्णु गुप्ता ने खुद अपने वाट्सएप पर इसकी जानकारी दी। कहा कि जब वह अजमेर से दिल्ली जा रहे थे, तब उनकी कार पर गोली चलाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसमें एडिशनल एसपी ग्रामीण दीपक कुमार शर्मा और एडिशनल एसपी शहर हिमांशु जांगिड़ शामिल थे। इसके अलावा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा
इस संबंध में एडिशनल एसपी ग्रामीण दीपक कुमार शर्मा ने मीडिया को जानकारी दी। बताया कि सुबह विष्णु गुप्ता जी ने फोन करके बताया कि उनकी गाड़ी पर किसी बाइक सवार ने फायरिंग की थी। मौके पर हमारी टीम और एफएसएल की टीम दोनों पहुंच गई हैं और जांच की जा रही है। फिलहाल उनकी तरफ से लिखित शिकायत नहीं मिली है। केवल मौखिक रूप से जानकारी दी गई है। जैसे ही वे लिखित शिकायत देंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मिल चुकी है जान की धमकी
विष्णु गुप्ता ने इस संबंध में मीडिया को एक तस्वीर भी साझा की। इस तस्वीर में उनकी गाड़ी पर फायरिंग के निशान साफ नजर आ रहे हैं। इससे पहले उन्होंने कोर्ट में लिखित अर्जी दाखिल कर जान को खतरा बताया था और यह भी कहा था कि उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। इसी को देखते हुए शुक्रवार को कोर्ट में सुनवाई के दौरान चुनिंदा लोगों को ही एंट्री दी गई थी।
