उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के मनकापुर क्षेत्र में दो सगी बहनों ने सोमवार को यहां नदी में कथित रूप से कूदकर आत्महत्या कर ली। उनके पिता ने अपने दामाद पर अपनी छोटी बेटियों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लड़कियों के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी 19 वर्षीय और 17 वर्षीय बेटियों के साथ उनकी बड़ी बेटी का पति छेड़छाड़ कर रहा था।
पिता के मुताबिक, सोमवार सुबह घर से निकलते वक्त उनकी बेटियों ने कहा था कि वे घर छोड़कर जा रही हैं और उनसे कभी नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस समय बेटियों की बात को बहुत गंभीरता से नहीं लिया और दूसरे काम में लग गए।
कुछ देर तक उनके घर न लौटने पर जब खोज शुरू की गई, तो ग्रामीणों ने उनके गांव से करीब 500 मीटर दूर बिसुही नदी की तरफ जाने की जानकारी दी।
थाना प्रभारी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों बहनें बिसुही नदी में कूद गईं। बाद में ग्रामीणों की मदद से उनके शव नदी से बरामद कर लिए गए। पुलिस ने कहा दोनों बहनों ने दुपट्टे से एक-दूसरे को बांध रखा था।
