क्राइम

फिर बाहर आएगा राम रहीम, 56 दिनों के बाद ही मिल गई 40 दिन की पैरोल; शिष्या के साथ ही किया था रेप

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 20, 2023, 10:12 PM IST

Ram Rahim: पिछले साल अक्टूबर में राम रहीम को एक महीने की पैरोल दी गई थी। इस पैरोल पर भी काफी विवाद उठा था और सवालों के घेरे में हरियाणा सरकार आई थी। इसके बाद एक बार फिर से राम रहीम को पैरोल मिल गई है। वो भी 56 दिन जेल में रहने के बाद ही।

Image

राम रहीम को फिर मिली पैरोल

Photo : PTI

Ram Rahim: डेरा सच्चा सौदा के चीफ गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर से पैरोल मिल गई है। यह पैरोल 56 दिनों के अंदर ही मिल गई है। पिछले साल अक्टूबर में भी राम रहीम को पैरोल मिली थी।

40 दिन की पैरोल

गुरमीत राम रहीम को हरियाणा सरकार ने 40 दिन की पैरोल दी है। अधिकारियों ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को शुक्रवार को फिर से 40 दिन की पैरोल दी गई। रोहतक के संभागीय आयुक्त संजीव वर्मा ने फोन पर पीटीआई को बताया- "40 दिनों के लिए पैरोल दी गई है। यह नियमानुसार दी गई है।"

कई बार मिल चुकी है पैरोल

डेरा प्रमुख की आखिरी 40 दिन की पैरोल पिछले साल 25 नवंबर को खत्म हुई थी। वह 14 अक्टूबर को जेल से पैरोल पर बाहर आए थे। अक्टूबर की पैरोल से पहले डेरा प्रमुख जून में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इसके अलावा पंजाब विधानसभा चुनाव से बमुश्किल दो सप्ताह पहले 7 फरवरी, 2022 से तीन सप्ताह की भी पैरोल मिली थी।

हरियाणा सरकार पर सवाल क्यों

राम रहीम को पैरोल मिलने पर हरियाणा सरकार की आलोचना की जाती रही है। आरोप लगता है कि चुनावी फायदे के लिए राम रहीम को पैरोल मिलता है। अक्टूबर-नवंबर में अपनी पिछली पैरोल अवधि के दौरान डेरा प्रमुख ने यूपी के बरनावा आश्रम में कई ऑनलाइन सत्संग आयोजित किए थे। तब इसमें से कुछ कार्यक्रम में हरियाणा के भाजपा नेता भी शामिल हुए थे।

रेप के केस में सजा

राम रहीम, अपनी ही दो शिष्याओं के साथ रेप करने के मामले में दोषी पाया गया है। उसे 20 साल की सजा हुई है। 2021 में डेरा प्रमुख, चार अन्य लोगों के साथ, डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने के लिए भी दोषी ठहराया गया था। डेरा प्रमुख और तीन अन्य को 2019 में 16 साल पहले एक पत्रकार की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!