देश की राजधानी दिल्ली में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक बेटी ने ही अपनी मां का घर लूट लिया। पुलिस को ने जब इस मामले का खुलासा किया तो घरवाले हैरान रह गए। दरअसल आरोपी महिला को अपनी मां से कम प्यार मिलता था, जिसके कारण वो खफा थी।
उत्तम नगर की घटना
घटना पश्चिमी दिल्ली की है। यहां 30 जनवरी को पुलिस को शिकायत मिली कि उत्तम नगर इलाके में एक घर में चोरी हुई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि दोपहर 2 बजे बुर्का पहने एक महिला उसके घर में घुसी और 2.30 बजे उसके घर से सोना, चांदी और 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।
पुलिस जांच में खुली पोल
इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने पाया कि आरोपी ने घर में घुसने के लिए ज्यादा कुछ नहीं की थी, वो आसानी से बिना दरवाजा तोड़े घर के अंदर घुस गई थी। न तो घर का दरवाजा टूटा था न ही आलमारी है। इसका मतलब था कि ताले चाबी से खोले गए थे, मतलब कोई घर का ही चोरी में शामिल था।
छोटी बेटी से प्यार करती थी मां
जांच के बाद पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता की बड़ी बेटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा- "बड़ी बेटी अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस को बताया कि उसकी मां अपनी छोटी बेटी को अधिक प्यार करती है। उसने यह भी कहा कि वह वित्तीय समस्याओं का भी सामना कर रही थी, इसलिए उसने अपनी मां के घर से अपने और अपनी बहन के गहने चुराने की साजिश रची।"
ऐसे रची साजिश
30 जनवरी को जब आरोपी घर आई थी, उसने बड़ी चतुराई से अपनी मां के घर की चाबियां चुरा लीं। घटना वाले दिन आरोपी पहले एक सार्वजनिक शौचालय में गई, जहां उसने अपने कपड़े बदले और फिर योजना को अंजाम देने के लिए अपनी मां के घर चली गई। जिसके बाद उसने चोरी को अंजाम दिया।
