Crime News: राजधानी दिल्ली के डाबड़ी इलाके के एक मकान में तीन लाशें मिलने से सनसनी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि घर का दरवाजा अंदर से ही बंद था। पुलिस ने तीनों लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चल सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शनिवार शाम 6 बजे सूचना मिली कि डाबड़ी इलाके के एक मकान में तीन लाशें मिली हैं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस मकान में दाखिल हुई, जिसके बाद पुलिस ने मृतकों की पहचान सोनू और अमित के रूप में की है। रिश्ते में दोनों भाई हैं। इसके अलावा घर से एक अन्य व्यक्ति की भी लाश मिली है, जिसे दोनों का नौकर बताया जा रहा है।
दम घुटने से हुई मौत
पुलिस का कहना है कि सोनू और अमित इलाके में छोले-भठूरे की रेहड़ी लगाते थे और यहां किराए पर रहते थे। घर में LPG गैस खुली पाई गई है, ऐसे में माना जा रहा है कि दम घुटने की वजह से तीनों की मौत हुई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।
