Murder Mystery: गुजरात के भरूच से एक ऐसा वाकया सामने आया जहां पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव के 9 टुकड़े कर नाले में फेंका गया। हत्या का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि उसके अपने दोस्त पर ही लगा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दोनों दोस्त उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और वह गुजरात के भरूच स्थित अलग-अलग प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी।
क्या है पूरा मामला?
बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी सचिन चौहान की बेरहमी से हत्या हो गई, जो बीते 15 सालों से भरूच की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। हत्या का आरोपी शैलेंद्र नूरपुर के गांव जोगीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी शैलेंद्र भरूच की ही एक अलग कंपनी में काम करता था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और दोनों एक ही कमरे में रहते थे। हालांकि, शादी के बाद सचिन अपनी पत्नी और बेटे के साथ अलग रहने लगा था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सचिन की पत्नी ने रिजर्वेशन टिकट के खातिर पति को 25 मार्च को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ तो पत्नी ने अपने देवर को फोनकर सचिन से संपर्क करने को कहा, लेकिन जवाब नहीं मिला। हालांकि, अगले दिन सचिन के फोन से पत्नी को बैंगलोर जाने की जानकारी प्राप्त हुई। सचिन की संदिग्ध मौत की जब परिजनों को जानकारी मिली तो पत्नी और भाई भरूच पहुंचे और पुलिस से संपर्क किया।
नाले में मिले शव के टुकड़े
भरूच के भौलाव औद्योगिक क्षेत्र के एक नाले में 29 मार्च को जब किसी के शरीर के टुकड़े मिले तो इसकी जानकारी पुलिस को दी गई जिसकी छानबीन में भरूच पुलिस जुटी है। नाले में सर, हाथ और धड़ के हिस्से मिले। हालांकि, हाथ पर बने टैटू से सचिन के शव की पहचान हुई।
इस बीच, हत्या की बात छिपाने के लिए शैलेंद्र ने चाचा की मौत का बहाना बनाकर वापस घर आ गया जिसकी वजह से शक की सुई शैलेंद्र पर मंडराने लगी। पुलिस ने शैलेंद्र को हिरासत में लेने के लिए एक टीम नूरपुर भेजी, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जब यूपी और दिल्ली में दबिश दी तो शैलेंद्र बिजनौर में ही पकड़ा गया और हत्या की बात कबूल ली।
उधार के चलते गई जान
शैलेंद्र ने कबूला कि उसने हत्या की बात को छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर लड़की के भेष में नाले में शव को फेंका और सचिव के फोन से उसकी पत्नी को वॉट्सऐप पर मैसेज तक भेजे। सचिन की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शैलेंद्र ने सचिन से 9 लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन जब उस पर पैसे लौटाने का दबाव डाला तो उसने उधार चुकाने की जगह पर सचिन की हत्या कर दी। शैलेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने सचिन के अकाउंट से 20 हजार रुपये निकाले थे। पुलिस ने शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
