क्राइम

मारा गया बदलापुर रेप केस का आरोपी अक्षय शिंदे, पुलिस की रिवॉल्वर छीनकर फरार होने की थी तैयारी, पुलिस ने कर दिया एनकाउंटर

बदलापुर रेप केस का आरोपी अक्षय शिंदे मारा गया है। अक्षय शिंदे ने स्कूल के शौचालय में 12 अगस्त को दो बच्चियों का यौन शोषण किया था। आरोपी को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।

Image

मारा गया बदलापुर रेप केस का आरोपी

KEY HIGHLIGHTS
  • 2 बच्चियों के साथ बदलापुर में हुआ था यौन शोषण
  • जिसके बाद बदलापुर के लोगों ने किया था जमकर प्रदर्शन
  • अक्षय शिंदे पर ही लगा था रेप का आरोप

बदलापुर रेप केस का आरोपी अक्षय शिंदे मारा गया है। मिली जानकारी के अनुसार अक्षय शिंदे ने पुलिस की रिवॉल्वर छीनकर, पुलिसबल पर हमला बोल दिया था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अक्षय शिंदे को मार गिराया।

पुलिस की बंदूक छिनकर फायरिंग

पहले पुलिस ने बताया कि बदलापुर कस्बे के एक स्कूल में दो बच्चियों का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किये गए व्यक्ति ने एक पुलिसकर्मी पर गोली चलाई और जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल में सफाईकर्मी के तौर पर काम करने वाले अक्षय शिंदे को तलोजा जेल से जांच के लिए बदलापुर ले जाया जा रहा था। जब पुलिस की गाड़ी मुंब्रा बाईपास पर पहुंची, तो शिंदे ने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और एक सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) पर गोली चला दी। अधिकारी ने बताया कि जवाबी गोलीबारी में शिंदे घायल हो गया।

अस्पताल ने किया मृत घोषित

पुलिस ने जब अक्षय शिंदे को अस्पताल में भर्ती कराया तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कलवा शिवाजी अस्पताल में आरोपी मृतक अक्षय की बॉडी मौजूद है। यहीं पर जानकारी के मुताबिक पोस्टमॉर्टम होगा। आरोपी अक्षय को गोली लगने के बाद जब शिवाजी अस्पताल लाया गया तो उसकी मौत हो गई थी।

बदलापुर केस में क्या हुआ था

बदलापुर मामले में दो स्कूली लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न किया गया था। स्कूल के शौचालय में 12 अगस्त को दो बच्चियों का कथित तौर पर यौन शोषण किया गया था। आरोपी को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद बदलापुर में लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। लोग रेलवे स्टेशन और रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन करने और न्याय की मांग करने लगे थे।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने ट्वीट कर कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा-बदलापुर रेप मामले में स्कूल के ट्रस्टियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, वे अभी भी फरार हैं, अभी तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है? फरार आरोपियों को बचाने के लिए मुख्य आरोपी का एनकाउंटर मामला खत्म करने की कोशिश है क्या ? मामले को दबाने के लिए पुलिस के जरिये एनकाउंटर कराया गया है क्या? इस मामले का सत्य सामने आना चाहिए हाइकोर्ट के जज से इसकी जांच करानी चाहिए।

देवेन्द्र फड़णवीस की सफाई

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- "उनकी (अक्षय शिंदे) पूर्व पत्नी ने यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस वारंट के साथ उन्हें जांच के लिए ले जा रही थी। उन्होंने पुलिस की बंदूक छीन ली और पुलिसकर्मियों पर और हवा में भी फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में उन पर फायरिंग की। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर बाद में इसकी घोषणा करेंगे लेकिन हमारे पास जो प्रारंभिक जानकारी है उसके अनुसार उनकी मृत्यु हो गई है। विपक्ष हर बात पर सवाल उठाता है, वही विपक्ष उन्हें फांसी पर लटकाने की मांग कर रहा था। अगर उन्होंने पुलिस पर हमला किया होता तो क्या पुलिस आत्मरक्षा नहीं करती? इस पर कोई मुद्दा बनाना गलत है।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article