क्राइम

Atul Subhash Suicide: अतुल सुभाष आत्महत्या केस में पत्नी निकिता सिंघानिया को मिली बेल, सास और साले को भी मिली जमानत

Atul Subhash Suicide: आत्महत्या करने से पहले अतुल सुभाष ने वीडियो बनाकर इस प्रताड़ना के बारे में जानकारी ​दी थी। बेंगलुरु पुलिस ने अतुल सुभाष की आत्महत्या केस में उसकी पत्नी, निकिता सिंघानिया, सास और साले को गिरफ्तार किया था। इन तीनों पर अतुल ने मरने से पहले गंभीर आरोप लगाए हैं।

Image

अतुल सुभाष सुसाइड केस में गिरफ्तार आरोपी

Photo : Twitter

Atul Subhash Suicide: अतुल सुभाष आत्महत्या मामला में बेंगलुरु के सिटी सिविल कोर्ट ने निकिता सिंघानिया (पत्नी), निशा सिंघानिया (सास) और अनुराग सिंघानिया (साला) को जमानत दे दी। इससे पहले दिसंबर में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने निकिता सिंघानिया के चाचा सुशील सिंघानिया को अग्रिम जमानत दे दी थी, जो इस मामले में भी शामिल हैं। इस केस को लेकर देशभर में बहस छिड़ी हुई है। अतुल सुभाष ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी।

अतुल के वकील ने क्या कहा

एआई इंजीनियर अतुल सुभाष के वकील पोन्नन्ना ने कहा, "हमने अभी तक कोर्ट के आदेश की समीक्षा नहीं की है। जो भी शर्तें लगाई गई हैं, हम उस पर गौर करेंगे। अपीलीय अदालत के समक्ष जाने और इस आदेश के लिए अपील करने का अवसर होता है, हम वह करेंगे।" अतुल के दूसरे वकील विनय सिंह ने कहा, "अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली है। हमें आगे कोई भी बयान देने से पहले आदेश का विश्लेषण करने की जरूरत है। यहां कोर्ट की कार्यवाही पर चर्चा करना उचित नहीं है। उनका तर्क तकनीकी आधार पर था, जबकि हमारा तर्क तथ्यात्मक और तकनीकी दोनों पहलुओं पर आधारित था।"

पिछले महीने से हुई थी गिरफ्तारी

दरअसल सुभाष की पत्नी और ससुराल वालों को पिछले महीने बेंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर सुभाष की अलग रह रही पत्नी निकिता सिंघानिया, उसकी मां निशा सिंघानिया और भाई अनुराग सिंघानिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ के दौरान निकिता ने दावा किया कि अतुल ही उसे परेशान करता था। उन्होंने मामले में जमानत के लिए बेंगलुरु की सत्र अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

9 दिसंबर को सुभाष ने की थी आत्महत्या

एक निजी कंपनी में डिप्टी जनरल मैनेजर 34 वर्षीय सुभाष ने 9 दिसंबर को अपने बेंगलुरु अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने 24 पन्नों का एक नोट छोड़ा है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी और उसके परिवार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article