Nepali student Suicide: ओडिशा में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा ने अपने छात्रावास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना के कारण संस्थान के परिसर में तनाव है। छात्रा की पहचान नेपाल की प्रकृति लामसाल के रूप में हुई है। 'कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी' के रजिस्ट्रार ने बताया कि वह संस्थान में बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा थी।
प्रतीकात्मक फोटो
छात्रा के रिश्ते के एक भाई ने भुवनेश्वर में इन्फोसिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसमें उसने कहा कि उसकी बहन ने रविवार को अपने छात्रावास के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। केआईआईटी ने एक बयान में कहा, 'बीटेक तृतीय वर्ष में पढ़ने वाली नेपाल की एक छात्रा ने कल छात्रावास में आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि छात्रा केआईआईटी में ही पढ़ने वाले एक अन्य छात्र से प्रेम करती थी...।'केआईआईटी ने कहा कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
'आरोपी छात्र पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है'
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त पिनाक मिश्रा ने कहा, 'हमने इन्फोसिटी थाने में एक छात्र के खिलाफ छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी छात्र पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य गैजेट जब्त कर लिए हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।' डीसीपी ने छात्रों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने और शांति बनाए रखने की अपील की।
छात्रा की मौत को लेकर केआईआईटी में पढ़ने वाले नेपाल के छात्रों में थोड़ा तनाव था, इसलिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने आक्रोशित विदेशी छात्रों के साथ बातचीत की। केआईआईटी ने कहा, 'स्थिति को ध्यान में रखते हुए नेपाल के छात्रों को उनके घर भेज दिया गया है। फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है।'नेपाल के कई छात्र रविवार रात केआईआईटी परिसर में एकत्र हुए और न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की दो टुकड़ियां (एक टुकड़ी में 30 जवान) तैनात की गई हैं।
पुलिस परिसर के अंदर और बाहर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रकाश चंद्र पाल ने कहा कि पुलिस परिसर के अंदर और बाहर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने कहा, 'पुलिस ने लड़की के कमरे को सील कर दिया है और शव को उसके माता-पिता के आने तक शवगृह में रखवा दिया है।' सोमवार को नेपाली छात्रों से भरी दो बसें कटक रेलवे स्टेशन पर पहुंची। कटक रेलवे स्टेशन पर एक छात्र ने संवाददाताओं से कहा, 'हमें छात्रावास का कमरा खाली करने को कहा गया और रेलवे स्टेशन पर उतार दिया गया। हमें 28 फरवरी को परीक्षा देनी थी...।' केआईआईटी अधिकारियों ने छात्रों के उन आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि उन्हें छात्रावास से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी।
नेपाल के प्रधानमंत्री ने आत्महत्या के बाद दूतावास के कर्मचारियों को ओडिशा भेजा
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने ओडिशा के भुवनेश्वर में एक निजी कॉलेज में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले नेपाली इंजीनियरिंग छात्रा की मौत पर संज्ञान लिया। ओली ने सोशल मीडिया पर कहा कि नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास ने राज्य में प्रभावित छात्रों की काउंसलिंग के लिए दो अधिकारियों को भेजा है। उन्होंने कहा कि छात्रों को उनकी पसंद के आधार पर या तो अपने छात्रावास में रहने या घर लौटने की अनुमति देने की व्यवस्था की गई है।
