Bhopal Natwarlal News: IAS बताकर करीब 14 साल तक लोगों को ठगने का आरोप झेल रहा रामानुज गुर्जर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 12वीं पास आरोपी को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी का ठगी करने का तरीका भी बेहद शातिराना बताया जा रहा है। वह कभी PMO में पदस्थ IAS अधिकारी बनकर तो कभी अलग-अलग नाम और पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था। सरकारी नौकरी दिलाने, टेंडर दिलाने और सरकारी काम कराने का भरोसा देकर लोगों से रकम वसूलता था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं। आरोपी खुद केवल 12वीं पास है लेकिन वह पिछले 14 साल तक फर्जी IAS बनकर करोड़ों की ठगी कर चुका है।
भोपाल में फर्जी IAS गिरफ्तार
14 साल से चल रहा था फर्जी IAS का खेल
आरोपी रामानुज गुर्जर ने कथित तौर पर वर्ष 2012 के आसपास खुद को IAS अधिकारी बताकर ठगी का खेल शुरू किया था। वह लोगों को बताता था कि उसकी प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच है और वह बड़े अधिकारियों से सीधे काम करा सकता है। उसकी बातों और सरकारी अधिकारी जैसी पहचान के झांसे में आकर कई लोग रकम देने को तैयार हो जाते थे। आरोपी इसी कथित पहुंच का इस्तेमाल कर लोगों को नौकरी, सरकारी ठेके और टेंडर दिलाने का सपना दिखाता था।
वकील, सरपंच और बिल्डर बने शिकार
आरोपी ने अपनी ठगी के जाल में अलग-अलग पेशे से जुड़े लोगों को फंसाया। वकीलों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया, जबकि सरपंचों और बिल्डरों को सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर रकम वसूली। बताया जा रहा है कि वर्ष 2012 में जयपुर में एक वकील से 5 लाख रुपये की ठगी की गई थी। वहीं भोपाल के हबीबगंज थाने में छह सरपंचों से करीब 12 लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज हुआ था। इन मामलों में आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। लेकिन जेल की सलाखें भी उसके कथित ठगी के खेल को रोक नहीं सकीं।
जेल से बाहर आया तो फिर बदल लिया नाम
जेल से रिहा होने के बाद रामानुज गुर्जर ने कथित तौर पर फिर अपनी पहचान बदली और ठगी का सिलसिला शुरू कर दिया। इस बार उसने आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक व्यक्ति को निशाना बनाया।लाइसेंस बनवाने का भरोसा देकर फरियादी से 7 लाख रुपये ले लिए गए। रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से ली गई।
ममेरे भाई ने बनाया वीडियो, खुल गई पोल
इस पूरे मामले में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कथित तौर पर फरियादी से पैसे लेते दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उसके ही ममेरे भाई ने बनाया था। वीडियो और शिकायत के सामने आने के बाद आरोपी की गतिविधियां पुलिस के संज्ञान में आईं। गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
10 से ज्यादा थानों में शिकायतें
गांधी नगर टीआई सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक रामानुज गुर्जर के खिलाफ 10 से अधिक थानों में करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़ी शिकायतें होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके पुराने मामलों, ठगी के शिकार लोगों और कथित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
करीब 14 साल तक फर्जी IAS बनकर लोगों पर रौब जमाने वाला यह कथित ठग अब जेल पहुंच चुका है। सरकारी अधिकारी होने का झूठा दावा, बड़े-बड़े काम कराने का भरोसा और लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने का आरोप, रामानुज गुर्जर की कहानी किसी फिल्मी किरदार जैसी जरूर है, लेकिन इसका नुकसान असल लोगों को उठाना पड़ा।
