मुंबई : मीरा रोड के शिवर गार्डन इलाके में स्थित Zepto स्टोर में महिला कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है। स्टोर मैनेजर जय पाठक पर महिला कर्मचारियों को परेशान करने और गलत तरीके से छूने के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना यानी (MNS) के पदाधिकारियों ने स्टोर में पहुंचकर मैनेजर के साथ मारपीट की। इसके बाद मैनेजर को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मुंबई में महिला कर्मियों से बदसलूकी करने वाले की पिटाई
जानकारी के मुताबिक, मीरा रोड के शिवर गार्डन इलाके में स्थित Zepto स्टोर में महिला कर्मचारियों के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ। स्टोर मैनेजर जय पाठक पर महिला कर्मचारियों को परेशान करने और अनुचित तरीके से छूने के आरोप लगाए गए हैं।
MNS कार्यकर्ताओं ने जमकर पीटा
मीरा रोड के शिवर गार्डन इलाके में MNS कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर एक स्टोर मैनेजर की पिटाई की। स्टोर में काम करने वाली पांच महिला कर्मचारियों ने मैनेजर पर बार-बार गलत तरीके से छूने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। मैनेजर की पहचान जय पाठक के रूप में हुई है। दोपहर करीब 12 बजे MNS कार्यकर्ताओं ने स्टोर में पहुंचकर उसका सामना किया। बाद में उसे आगे की कार्रवाई के लिए मीरा रोड पुलिस के हवाले कर दिया गया।
MNS पदाधिकारियों के मुताबिक, कथित उत्पीड़न पिछले एक महीने से जारी था। शिकायत करने वाली महिलाओं में से एक ने महज एक महीने पहले ही स्टोर में काम शुरू किया था। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने हस्तक्षेप की मांग को लेकर MNS से संपर्क किया था। MNS के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रॉबर्ट डिसूजा ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
