उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यानी गुरुवार 19 नवंबर को गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस से लेकर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और AIMIM तक को आड़े हाथों लिया। उन्होंने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर हमला बोला।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ओवैसी का नाम लिए बिना बोला हमला
सीएम योगी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और AIMIM पर उत्तर प्रदेश को बदनाम करने करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट पैदा किया, वह आज किस उत्तर प्रदेश की बात कर रहे हैं। किस यूपी में मुंह दिखाने का काम कर रहे हैं।
हैदराबाद से आया हुआ मौलाना!
योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'चाहे वह कांग्रेस हो, चाहे समाजवादी पार्टी हो, चाहे बहुजन समाज पार्टी हो और चाहे हैदराबाद से आया हुआ मौलाना हो। हैदराबाद से एक मौलाना भी तो आया है अभी-अभी। वो भी मचल रहे हैं बहुत ज्यादा। मचल रहे हैं इस समय। मैंने कहा, जिस दिन उत्तर प्रदेश का परिणाम आएगा, उस परिणाम के साथ तय हो जाएगा कि हैदराबाद अब भाग्यलक्ष्मी पुरम हो गया है। उनको ये सौगात दे देंगे उस समय।'
सब एक ही थैली के चट्टे-बट्टे
मुख्यमंत्री ने कहा ने तमाम विपक्षी पार्टियों को एक ही थैली के चट्टे-बट्टे करार दिया। उन्होंने कहा, इनको जब भी मौका मिला, इन्होंने प्रदेश में अराजकता फैलाई। विकास के नाम पर लूट-खसोट की। शिक्षा हो या स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर हो या जनकल्याणकारी योजनाएं, इनमें इनकी कोई रुचि नहीं थी। नौजवान की बात हो, उसकी नौकरी रोजगार की बात हो, उसके स्टार्टअप की बात हो। उसको बैंकों से जोड़ने की बात हो। उसके लिए कुछ भी कार्य नहीं कर पाए।
अखिलेश यादव को अयोध्या से नामांकन का चैलेंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही। आज गोरखपुर रैली के दौरान योगी ने अखिलेश की चुनौती का जवाब देते हुए कहा कि अगर सपा प्रमुख अयोध्या से नामांकन दाखिल करते हैं तो वह भी वहीं से पर्चा भरेंगे। उन्होंने कहा कि मुकाबला आमने-सामने होना चाहिए। योगी ने अखिलेश पर सीधे मुकाबले से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि कमजोर व्यक्ति हमेशा पीछे से वार करता है। इससे पहले अखिलेश यादव ने भी योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी।
सपा शासन में गुंडागर्दी का आरोप
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा शासन में गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू का माहौल था। योगी ने महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा तथा युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर भी सपा को घेरा। उन्होंने चेतावनी दी कि माफियागिरी करने वालों पर कानून का शिकंजा कसा जाएगा।
