Yamuna River Army Boat Accident: हरियाणा-हिमाचल प्रदेश की सीमा पर बह रही यमुना नदी में बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रेस्क्यू ड्रिल के दौरान सेना की एक मोटर बोट तेज बहाव के बीच डेंजर जोन की ओर चली गई और देखते ही देखते नदी में पलटकर डूब गई।
रेस्क्यू ड्रिल के दौरान हुआ बड़ा हादसा
हादसे के वक्त बोट पर सेना के चार जवान सवार थे। मोटर बोट के डूबते ही चारों जवान नदी के तेज बहाव में फंस गए। इनमें से तीन जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए करीब 600 मीटर तक तैरकर नदी से बाहर निकलने में कामयाबी हासिल की। वहीं, सेना का एक जवान तेज धारा की चपेट में आने के बाद लापता हो गया। जवान के लापता होने की सूचना मिलते ही उसकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
मोटर बोट को पानी से बाहर निकाला गया
घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव कार्य तेज करते हुए NDRF की टीम को बुलाया। नदी में तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद लापता जवान की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों की कड़ी मशक्कत के बाद नदी में डूबी सेना की मोटर बोट को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।
लापता सेना के जवान की तलाश जारी
हालांकि, लापता जवान का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। उसकी तलाश में गोताखोरों और बचाव दलों की मदद ली जा रही है। हादसे को लेकर देर शाम तक सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया। वहीं, संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भी घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया। पुलिस का कहना है कि मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण इस संबंध में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। फिलहाल नदी में लापता सेना के जवान की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं।
