Delhi News: दिल्ली की संजय झील में नहाने के दौरान तीन युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों को झील से बाहर निकाला गया।
झील में नहाने पहुंचे थे तीनों युवक
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक झील में नहाने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पहले एक युवक पानी में उतरा, लेकिन झील की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण वह अचानक गहरे पानी में चला गया। खुद को डूबता देखकर उसने मदद के लिए आवाज लगाई।
तीनों युवकों की डूबने से मौत
दोस्त को मुश्किल में देखकर उसके साथ मौजूद दोनों युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की। दोनों ने बिना देर किए झील में छलांग लगा दी। हालांकि, बचाव का यह प्रयास बेहद दुर्भाग्यपूर्ण साबित हुआ। गहरे पानी और दलदली हिस्से में फंसने के कारण तीनों युवक डूब गए और उनकी जान चली गई। घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को शाम करीब साढ़े सात बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें संजय झील पहुंचीं।
परिजनों में पसरा मातम
इसके बाद प्रशिक्षित गोताखोरों को पानी में उतारकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे की जानकारी मृतकों के परिवारों को भी दे दी गई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
