Weather Update: दिल्ली-NCR के अलावा देश के कई राज्यों में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। झारखंड, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है। कुछ संवेदनशील इलाकों में 30 अक्टूबर तक अचानक बाढ़ आने का कम से मध्यम जोखिम बताया गया है। इसलिए इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
देश भर में हो रही बारिश (तस्वीर साभार - iStock)
दक्षिण भारत में भी बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, नवंबर की शुरुआत से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश बढ़ सकती है। 2 से 4 नवंबर के बीच केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में कई जगह बारिश होने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 2 और 3 नवंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, तेलंगाना में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। कुल मिलाकर, अक्टूबर के आखिरी दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
दिल्ली में कल से बारिश जारी
दिल्ली-NCR में लगातार हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। रातभर हुई बारिश के बाद राजधानी की हवा में ठंडक महसूस होने लगी है। कई इलाकों में तापमान गिर गया है और लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और जामिया मिलिया इस्लामिया के आसपास की सड़कों पर देर रात तक बारिश का पानी नजर आया। आसमान में घने बादल छाए रहे और कई जगहों पर लगातार बारिश होती रही।
AQI 200 से गिरकर 133 पर पहुंचा
बारिश का असर सिर्फ मौसम पर ही नहीं, बल्कि दिल्ली की हवा की गुणवत्ता पर भी पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार को दिल्ली का AQI 200 से ऊपर था, जो खराब श्रेणी में आता है लेकिन शुक्रवार सुबह 4 बजे तक यह घटकर 133 पर पहुंच गया। यानी हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ और AQI मध्यम श्रेणी में आ गया।
दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 अक्टूबर को दिल्ली और आसपास के NCR जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ जगहों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। रात के समय कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल रहेंगे, जबकि 1 और 2 नवंबर को मौसम साफ होने की उम्मीद है।
