शहर

Jammu-Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर में मौसम का कहर, वैष्णो देवी और मचैल माता यात्रा पर अस्थायी रोक

जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ को लेकर मौसम विभाग ने भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसके चलते प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। वैष्णो देवी और मचैल माता यात्राएं अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं।

Image

खराब मौसम के चलते यात्रा हुई स्थगित (फाइल फोटो)

Vaishno Devi Yatra Suspended: नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम बिगड़ सकता है। खराब मौसम को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर में चेतावनी भी जारी कर दी है। भारी बारिश और बर्फबारी के अलर्ट के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और वैष्णो देवी और मचैल माता यात्रा को एक बार फिर रोक दिया गया है। सरकारी और निजी स्कूलों को 6 और 7 अक्टूबर को बंद रखने का आदेश दिया गया है।

वैष्णो देवी और मचैल माता यात्रा स्थगित

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कटरा से श्रद्धालुओं की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी है। भारी बारिश के कारण मार्ग पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसी तरह किश्तवाड़ जिले में मचैल माता यात्रा को भी एहतियातन रोक दिया गया है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन की तैयारी

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने आपदा प्रबंधन दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जनता से अपील की गई है कि वे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर यात्रा से बचें, क्योंकि रामबन-बनिहाल क्षेत्र में पत्थर गिरने और भूस्खलन की आशंका है।

ऊंचे इलाकों में होगी बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुरेज जैसे ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं मैदानी इलाकों में 7 अक्टूबर तक भारी बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 8 अक्टूबर से मौसम में सुधार की उम्मीद है।

क्या कहता है IMD

मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर में आगामी दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। 6 अक्टूबर को जम्मू क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज से अत्यधिक बारिश हो सकती है, जबकि कश्मीर क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है। 8 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद, 9 से 14 अक्टूबर तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है, जिससे जनजीवन में स्थिरता लौट सकती है और यात्राएं फिर सामान्य हो सकती हैं। तबतक के लिए प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से मौसम की स्थिति के प्रति सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की अपील की है।

Suhail Nazeer Bhat
सुहैल नाजिर भट्टauthor

सुहैल साहिल भट्ट को 8 साल का घाटी में रिपोर्टिंग का तजुर्बा है। राजनीति और कश्मीर के हर हलचल पर पैनी नजर।

और पढ़ें
End of Article