सड़क पर चलते समय कई बार ऐसे हादसे हो जाते हैं, जिनमें लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिलता लेकिन कुछ मौकों पर किसी की सूझबूझ और फुर्ती बड़ा हादसा होने से रोक सकती है। महाराष्ट्र के पनवेल से ऐसा ही एक वीडियो (Video) सामने आया है, जिसमें ट्रैफिक पुलिसकर्मी की सतर्कता और बहादुरी देखकर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
डंपर की टक्कर से रिक्शा पलटने लगी तभी पुलिसकर्मी ने दौड़कर उसे संभाल लिया। (Times Now Navbharat)
डंपर की टक्कर से बिगड़ा रिक्शा का संतुलन
दरअसल, डंपर की टक्कर से एक रिक्शा पलटने लगी थी, लेकिन पुलिसकर्मी ने दौड़कर उसे संभाल लिया और उसमें सवार तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया। यह घटना महाराष्ट्र के पनवेल के तळोजा इलाके में क्राउन कंपनी चौक की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, चौक पर एक डंपर और रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रिक्शा अपना संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलटने लगी। रिक्शा में दो महिला यात्री और चालक सवार थे। अचानक हुई इस टक्कर के बाद तीनों की जान खतरे में पड़ गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जीरकपुर में होटल की तीसरी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग
दौड़कर पहुंचे पुलिसकर्मी, रिक्शा को पलटने से बचाया
हादसे के समय वहां ट्रैफिक नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस कांस्टेबल जाधव मौजूद थे। जैसे ही उनकी नजर असंतुलित होकर पलटती रिक्शा पर पड़ी, वह तुरंत उसकी तरफ दौड़े। उन्होंने बिना समय गंवाए रिक्शा को अपने हाथों से संभाल लिया और उसे पूरी तरह पलटने से रोक दिया। वीडियो में आप देख भी सकते हैं कि कैसे कांस्टेबल जाधव ऑटो रिक्शा को पलटने से बचा रहे हैं। अगर वे समय पर वहां नहीं पहुंचते, तो रिक्शा में बैठे लोगों को गंभीर चोट लग सकती थी। उनकी इस फुर्ती ने मौके पर मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया।
दो महिलाओं और चालक को सुरक्षित निकाला
रिक्शा को संभालने के बाद बचाव का काम शुरू हुआ। पुलिस कांस्टेबल दराडे और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान गणेश शिंदे ने भी मदद की। तीनों की मदद से रिक्शा में फंसी दोनों महिला यात्रियों और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। तीनों यात्रियों और रिक्शा चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी इनकार कर दिया।
पुलिसकर्मियों की हो रही तारीफ
घटना का वायरल वीडियो (Viral Video) सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सतर्कता और बहादुरी की चर्चा हो रही है। स्थानीय नागरिक भी उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं। खासतौर पर कांस्टेबल जाधव की फुर्ती की तारीफ की जा रही है, जिन्होंने बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए पलटती रिक्शा को संभालने की कोशिश की।
