Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में ससुराल में अकेले रह रही एक महिला का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने महिला के शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिर भी प्रथम दृश्यता में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
गोंडा में फंदे से लटका मिला महिला का शव
फंदे से लटका मिला महिला का शव
घटनास्थल पर मौजूद इटियाथोक थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि मृतक महिला की पहचान रैगांव निवासी पूजा सिंह (25) के रूप में हुई है। पूजा की पिछले साल 30 अप्रैल को इटियाथोक निवासी सज्जन सिंह से शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि सज्जन हैदराबाद में मजदूरी करता है और उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है, जिस कारण पूजा ससुराल में अकेले रहती थी।
पांडेय के मुताबिक, सोमवार को पूजा की कोई खैर-खबर न मिलने पर पास में रहने वाली उसकी जेठानी उसके घर पहुंची और अंदर से बंद कमरे में झांका, तो पूजा फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। उन्होंने बताया कि पूजा चार दिन पहले ही अपने मायके करनैलगंज के रामगढ़ भभुआ से इटिथोक लौटी थी। पांडेय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि पूजा ने आत्महत्या की है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पूजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है। इस संबंध में पुलिस मृतका के मायके से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
