Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में दो लोगों की हत्या और एक व्यक्ति के खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने मां और अपने चार वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मां-बेटे की हत्या के बाद व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बता दें कि इस दौरान व्यक्ति ने अपनी बेटी पर भी गोली चलाई थी, जिससे वह घायल हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मां-बेटे को उतारा मौत के घाट, फिर शख्स ने की खुदकुशी
परिवार को गोली मार खुद की आत्महत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला मंगलवार दोपहर में जहानागंज थाना क्षेत्र के चकिया मुस्तफाबाद का है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि वाराणसी में एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाला नीरज पांडेय सोमवार रात को घर लौटा था। उन्होंने कहा कि मंगलवार को घरेलू विवाद को लेकर नाराज नीरज ने अपनी मां चंद्रकला, अपने बेटे सार्थक और बेटी शुभी पर गोलियां चलाई और फिर खुद को भी गोली मार ली।
पारिवारिक विवाद से परेशान होकर उठाया ये कदम
पुलिस ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल चारों लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीरज, उसकी मां चंद्रकला और उसके बेटे सार्थक को मृत घोषित कर दिया। मीना ने बताया कि शुभी (सात) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता लगा है कि घटना के समय नीरज नशे में था और संभवत: पारिवारिक विवाद के कारण यह वारदात हुई। उन्होंने कहा कि घटना के समय नीरज की पत्नी कहां थी, यह स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
