Ghazipur Accident: गाजीपुर में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे झोपड़ी में सो रहे परिवार को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। जिसमें 3 बच्चों की मौत हो गई और मां-बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने ट्रेलर को बिहार बॉर्डर पर पकड़ लिया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुसा ट्रेलर
यह हादसा गाजीपुर में गहमर थाना क्षेत्र के पथरा गांव के पास एनएच-124सी पर हुआ। जहां मां कामख्या धाम के पास लालजी डोम का परिवार झुग्गी मे रहता था। परिवार के लोग खाना खाकर सो गए थे। लेकिन लालजी डोम कसी काम से बाहर गया हुआ था। रात के करीब दो बजे भदौरा से गहमर की ओर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और झोपड़ी पर चढ़ गया।
ग्रामीणों ने की आर्थिक मदद की मांग
इस हादसे में 5 साल की कबूतरी और 2 साल की ज्वाला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 30 वर्षीय संतरा देवी, 7 वर्षीय सपना और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए तुरंत सीएचसी भेजा गया। जहां मां-बेटी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान बेटी की भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग की है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
