Varanasi Weather Update: इन दिनों देशभर में मानसून का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी मानसून का प्रभाव साफ तौर पर नजर आ रहा है, जहां पिछले कुछ दिनों से लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। आज भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सोमवार की सुबह वाराणसी में बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई, और बीती रात से आसमान बादलों से घिरा हुआ था।
वाराणसी में मानसून की बारिश जारी (सांकेतिक फोटो)
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। रविवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.7 डिग्री कम है। बारिश की वजह से हवा में नमी बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस सप्ताह भी बारिश का यह दौर जारी रहेगा, जिससे वाराणसी का मौसम ठंडा और खुशनुमा बना रहेगा।
