Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बारात से वापस लौट रही एक कार नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुजौली चौराहे के पास दुर्घटना की शिकार हो गई है। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है और 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल लोगों को ग्राइंडर मशीन की सहायता से कार से निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि बरातियों से भरी कार तेज रफ्तार में पेड़ से टकरा गई थी। पेड़ के साथ कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान कार में कुल 8 लोग सवार थे, जिसमें से 6 की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। पुलिस को मृतकों के शवों और घायलों को कार से निकालने के लिए ग्राइंडर मशीन की मदद लेनी पड़ी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो सभी लोग कार में फंसे हुए थे, जिन्हें निकालना मुश्किल हो रहा था। घायलों को जल्द से जल्द इलाज के लिए भेजने के लिए ग्राइंडर मशीन की सहायता ली गई। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज कुशीनगर भेजा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।
