UP Nagar Nikay Chunav 2023 : यूपी नगर निकाय चुनाव के प्रचार का आज अंतिम दिन था। इसी क्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी के पास भदोही में जनसभा की और भाजपा के प्रत्याशी को जिताने की अपील की। माफियाराज पर सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति का हवाला देते हुए मौर्य ने कहा कि आज सरकार के डर की वजह से माफिया यूपी छोड़कर भाग रहे हैं या खुद सरेंडर कर रहे हैं। वहीं, भदोही के जूनियर हाईस्कूल रैमलपुर के मैदान से उन्होंने विपक्षियों पर जमकर निशाना भी साधा। डिप्टी सीएम ने कहा कि आज मैं आपसे कर्ज के रूप में वोट मांगने आया हूं। जीतने के बाद विकास के रूप में ब्याज के साथ लौटाया जाएगा।
भदोही में जनसभा करते केशव प्रसाद मौर्य। (क्रेडिट - @kpmaurya1)
'मोदी-योगी दिलों पर राज करते हैं'
चुनावी जनसभा के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा अगड़े, पिछड़े और दलितों की त्रिवेणी है। चुनाव के समय लोग किसी को जाति तो किसी को मजहब के नाम पर भड़काने का काम कर रहे हैं, लेकिन वे लोग ये नहीं जानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी लोगों के दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब चुनाव आते हैं तो विपक्षी भाजपा को रोकने का काम करते हैं, लेकिन जनता अपना आशीर्वाद देकर भाजपा को जिताती है और विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देती है।
सपा और माफिया राज पर केंद्रित रहा भाषण
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ने माफियाओं की चूलें हिला दी है। माफियाओं को संरक्षण देनी वाली सपा, बसपा और कांग्रेस आईसीयू में चली गई है। अपराध मुक्त यूपी आज विकास की नई परिभाषा गढ़ने का कार्य कर रहा है। इसके बाद मौर्य ने ये भी कहा कि चुनाव में सपा की गुंडागर्दी को सबने खुली आंखों से देखा, लेकिन आज भाजपा सरकार में माफिया या तो यूपी छोड़ रहे हैं या फिर खुद ही सरेंडर करने में लगे हुए हैं। वहीं, विपक्षी दल के नेता पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने ये भी कहा कि जब-जब भ्रष्टाचार पर प्रहार होता है तो ये लोग तड़प उठते हैं।
वाराणसी के विकास कार्य भी गिनाए
उपमुख्यमंत्री ने भदोही के पास वाराणसी में बने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर समेत कई विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने शहर से लेकर गांव तक को चमकाने का कार्य किया है। आज एक तरफ विश्वनाथ कॉरिडोर बनकर तैयार है तो वहीं, दूसरी ओर ध्याचल कॉरिडोर और अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण हो रहा है। अयोध्या में भारतीय संस्कृति के पताका को पूरी दुनिया देख रही है। मौर्य ने मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने गरीबों को आवास, शौचालय देने के साथ-साथ राशन, सिलेंडर और पांच लाख तक की स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी है। पहले बिजली आती नहीं थी, अब बिजली जाती नहीं है। उन्होंने कहा कि गरीब हमारे लिए भगवान की तरह हैं। गरीब को दर्द दूर करना और उन तक सारी सुविधाओं को पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है, क्योंकि यही हमारी पूंजी है।
