Sonbhadra Road Accident: सोनभद्र में बोलेरो और ट्रेलर की टक्कर से भीषण हादसा हो गया। जिसमें 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 6 घायल हो गए। ये लोग प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान करके छत्तीसगढ़ के रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सोनभद्र में भीषण हादसा
आमने-सामने से टकराई गाड़ियां
यह हादसा सोनभद्र में बभनी के दरनखाड़ के पास हुई, जहां श्रद्धालुओं से बोलेरो और ट्रेलर की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें बेलोरो सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा इतनी भीषण था कि टक्कर में बेलोरो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कालू सिंह ने बताया कि एक बोलेरो कार में सवार श्रद्धालु प्रयागराज में महाकुंभ से स्नान कर वापस रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनी थाना क्षेत्र के दरनखाड़ गांव में कार की टक्कर विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर ट्रक से हो गयी। एएसपी ने बताया कि इस हादसे में लक्ष्मी बाई (30) , अनिल प्रधान (37) ठाकुर राम यादव (58) और रुक्मिणी यादव (56) की मौत हो गई। वहीं दिलीपा देवी, योगी लाल, सुलेन्द्री देवी और ढाई साल का हर्षित गंभीर रूप से घायल है। इन घायलों को पहले बभनी सामुदायिक चिकित्सालय भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। एएसपी ने बताया कि इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
