Banaskantha Road Accident: गुजरात के बनासकांठा जिले में रेत से भरा एक डंपर ट्रक मजदूरों पर पलट गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार शाम जिले के खेंगरपुरा गांव में उस समय हुई जब वहां सड़क निर्माण कार्य हो रहा था।
निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों पर पलटा डंपर
पुलिस उपाधीक्षक एस.एम. वरोतरिया ने बताया कि डंपर एक संकरे रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान वह पलट गया और सड़क निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों के एक समूह पर गिर गया। अधिकारियों के मुताबिक क्रेन और बुलडोजर की मदद से ट्रक के नीचे फंसी महिलाओं और बच्चे को बाहर निकाला गया। जिसमें करीब दो घंटे का समय लगा।
हादसे में मृतकों की पहचान
अधिकारियों ने बताया कि चारों लोगों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थराड के सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी जयदीप त्रिवेदी ने बताया कि चार लोगों को जब अस्पताल लाया गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को इस घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान रेणुकाबेन गनावा (24), सोनलबेन निनामा (22), इलाबेन भाभोर (40) और रुद्र (2) के रूप में हुई है।
(इनपुट - भाषा)
