Jaunpur News: जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के हरीपुर चकताली गांव में एक साहसिक रेस्क्यू मिशन के दौरान प्रसिद्ध सर्प विशेषज्ञ मुरली यादव, जिन्हें "हौसला" के नाम से भी जाना जाता है, को एक कोबरा ने डंस लिया। यह घटना तब घटी जब वह एक जाल में फंसे कोबरा को सुरक्षित पकड़ने के लिए पहुंचे थे।
उनके साथी अंकित गुप्ता के अनुसार, एक मामूली चूक के चलते कोबरा ने मुरली को हाथ में काट लिया। बावजूद इसके, मुरली ने साहस दिखाया और सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद खुद को प्राथमिक उपचार दिया। हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों की मदद से उन्हें आशा दीप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. बी.एस. उपाध्याय ने उन्हें ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया।
डॉक्टर के मुताबिक, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। उल्लेखनीय है कि मुरली इससे पहले भी दो बार सांप के काटने का शिकार हो चुके हैं। यूट्यूब और सोशल मीडिया पर उनके मिलियन फॉलोवर्स हैं, और वे जनपद के जाने-माने सर्प मित्रों में शामिल हैं।
