Ballia Accident News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की मौत हो गई है और अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिस कारण यह हादसा हुआ। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने जांच शुरू की और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैसे हुई दुर्घटना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार, 28 जून यानी आज एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सड़क हादसा हुआ। इसमें मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बैरिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि बलिया-बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर गायघाट डाक बंगले के पास शनिवार को मझौवां की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल से जा रहे तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गोपाल उर्फ सुकर राजभर (30) और अशोक राजभर (45) को मृत घोषित कर दिया। सीओ ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल रविन्द्र उर्फ रवि का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
